कोहली ने 54वें शतक से चूकने पर दिया ईमानदार जवाब, संगकारा का रिकॉर्ड तोड़ने पर भी किया रिएक्ट
Virat Kohli Player of the Match: विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार बल्लेबाजी की। कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने यह अवॉर्ड जीतने के बाद ईमानदार जवाब दिया।

विराट कोहली की शानदार पारी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में चार विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने वडोदरा के मैदान पर 301 का लक्ष्य 49 ओवर में हासिल किया। कोहली ने 91 गेंदों में 8 चौकों और एक छक्के की मदद से 93 रन बनाए। वह महज सात रन से अपने 54वें वनडे शतक से चूक गए। कोहली प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।। यह उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में 71वां प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड था। 37 वर्षीय कोहली ने बताया कि वह ट्रॉफी अपने पास नहीं बल्कि मां के पास रखते हैं। उन्होंने साथ ही सेंचुरी कंप्लीट नहीं होने पर ईमानदार जवाब दिया। वह (28068) श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कुमार संगकारा (28016) को पछाड़कर इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने प्लेयर बन चुके हैं।
'मैं ट्रॉफियां मां को भेज देता हूं'
पहले वनडे के बाद जब कोहली से पूछा गया कि उनके पास कितने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड हैं तो स्टार क्रिकेटर ने कहा, ''ईमानदारी से कहूं तो मुझे कोई आइडिया नहीं है। मैं ट्रॉफियां गुरुग्राम में अपनी मां को घर भेज देता हूं, उन्हें यह रखना बहुत पसंद है।'' कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी पर कहा, ''अगर मैं अपने पूरे सफर को पीछे मुड़कर देखूं तो यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं। मुझे हमेशा से अपनी काबिलियत मालूम थी लेकिन मुझे यह भी पता था कि आज मैं जहां हूं, वहां पहुंचने के लिए मुझे बहुत मेहनत करनी होगी। भगवान ने मुझे उससे कहीं अधिक दिया है, जितना मैं मांग सकता था, मैं अपने सफर को बहुत शुक्रगुज़ारी के साथ देखता हूं और मुझे इसपर सच में गर्व महसूस होता है।''
'मेरे दिमाग में बस यही था कि...'
क्या कोहली अपने 54वें शतक के बारे में सोच रहे थे? उन्होंने कहा, ''मैं पूरी ईमानदारी से कहूं तो जिस तरह से मैं अभी खेल रहा हूं, मैं माइलस्टोन के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहा। अगर हम पहले बैटिंग कर रहे होते तो शायद मैं और जोर लगाता। लेकिन चेज में मुझे सिचुएशन के हिसाब से खेलना था। मुझे और बाउंड्री मारने का मन कर रहा था लेकिन एक्सपीरियंस काम आता है। मेरे दिमाग में बस यही था कि टीम को ऐसी स्थिति में पहुंचाऊं, जहां हम आराम से जीत सकें।'' कोहली ने वडोदरा में अपनी पारी की आक्रामक शुरुआत की। उन्होंने आने के बाद अगले ही ओवर में दो चौके लगाए।
'सिर्फ इंतजार करने के बजाय...'
क्या कोहली की अप्रोच में क्या बदलाव आया है? दिग्गज बल्लेबाज ने इसपर कहा, ''मैं नंबर तीन पर बैटिंग करता हूं, अगर सिचुएशन मुश्किल होती है तो मैं सिर्फ इंतजार करने के बजाय काउंटरअटैक करने के लिए खुद को तैयार रखता हूं। आप किसी भी बॉल पर आउट हो सकते हैं, इसलिए पैसिव रहने का कोई मतलब नहीं है। ठीक उसी समय गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलने से बचना है। जब मैं रोहित के आउट होने के बाद अंदर बैटिंग के लिए आया तो मुझे लगा कि अगर मैं शुरुआती 20 गेंद पर जोर लगाऊं तो हम विरोधी टीम को बैकफुट पर ला सकते हैं। इससे फर्क पड़ा।''

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





