
200+ के स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा बार 50+ का स्कोर बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज, सूर्यकुमार यादव का जलवा
209 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्या ने 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 36 गेंदों में नाबाद 82 रनों की आतिशी पारी खेली। इस पारी के साथ ही सूर्यकुमार ने 11वीं बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 50+ का स्कोर बनाया, जो एक विश्व रिकॉर्ड है।
भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक ऐसी पारी खेली, जिसने उन्हें विश्व क्रिकेट के शिखर पर और मजबूती से स्थापित कर दिया है। 209 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्या ने 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 36 गेंदों में नाबाद 82 रनों की आतिशी पारी खेली, जिससे भारत ने मात्र 15.2 ओवरों में ही यह मैच जीत लिया। इस पारी के दौरान सूर्यकुमार ने 11वीं बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 50+ का स्कोर बनाया, जो एक विश्व रिकॉर्ड है।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने पहली गेंद से ही आक्रामक रुख इख्तियार किया। हालांकि भारत ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के विकेट जल्दी खो दिए थे, लेकिन ईशान किशन (32 गेंदों में 76 रन) और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर कीवी गेंदबाजी की बखिया उधेड़ पिटाई की। भारत ने यह विशाल लक्ष्य 28 गेंदें शेष रहते हासिल किया, जो 200+ रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी भी पूर्ण सदस्य देश द्वारा छोड़ी गई सर्वाधिक गेंदें हैं। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
सूर्यकुमार यादव ने अपनी 36 गेंदों में 83 रन की पारी के दौरान 9 चौके और 4 छक्के लगाए और 221.62 की स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की। इस पारी के साथ कप्तान सूर्या टी-20I के इतिहास में सबसे अधिक बार विस्फोटक अंदाज (200+ SR) में अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर और मजबूती के साथ बने हुए हैं। उनके विस्फोटक अंदाज ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए विपक्षी टीमों के मन में दहशत पैदा कर दी है। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी स्वीकार किया कि भारत जैसे गहरे बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ 200 रन भी सुरक्षित नहीं हैं।
200+ के स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
1. सूर्यकुमार यादव (भारत): 11 बार
2. एविन लुईस (वेस्टइंडीज): 8 बार
3. ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया): 8 बार
4. अभिषेक शर्मा (भारत): 6 बार
5. युवराज सिंह (भारत): 5 बार






