
आकाश चोपड़ा ने सूर्यकुमार को याद दिलाई उनकी सबसे बड़ी ताकत, T20 WC से पहले दिया ये मंत्र
आकाश चोपड़ा का मानना है कि सूर्यकुमार यादव को फॉर्म हासिल करने के लिए क्रीज पर ज्यादा वक्त बिताना चाहिए और ज्यादा रिस्क नहीं लेते हुए जमीनी शॉट खेलने चाहिए। उन्होंने ये भी याद दिलाया कि सूर्यकुमार की ताकत स्टेडियम के चारों तरफ शॉट मारने की है।
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन पिछले साल बेहद खराब रहा। टी20 के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में सूर्यकुमार की गिनती होती थी लेकिन पिछले साल वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए। उनका औसत भी नीचे चला गया था। हालांकि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार बुधवार को न्यजूीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए जरिए इस साल अपने टी20 करियर को नई उड़ान देना चाहेंगे। भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने टी20 विश्व कप से पहले सूर्यकुमार यादव को फॉर्म हासिल करने के लिए बड़ी सलाह दी है
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 28 पारियों में 17.92 के औसत और 143.13 के स्ट्राइक रेट के साथ 448 रन बनाएहैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक लगाए। उनका आखिरी अर्धशतक अक्टूबर 2024 में आया था। कई पूर्व क्रिकेटर ने यहां तक कह दिया था कि अगर सूर्यकुमार टीम के कप्तान नहीं होते तो खराब फॉर्म के कारण टीम का हिस्सा नहीं होते। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले आकाश चोपड़ा ने दिग्गज बल्लेबाज को सुझाव दिया है कि उन्हें क्रीज पर थोड़ा ज्यादा समय बिताना चाहिए और अपनी बल्लेबाजी पोजीशन में बार-बार बदलाव बंद करना चाहिए।
आकाश चोपड़ा ने कहा, ''"सूर्यकुमार यादव का गेम अभी भी उनके बॉटम हैंड से डोमिनेटेड है। यहां तक कि विकेट के पीछे वाले उनके 360-डिग्री शॉट्स में भी वे बहुत ज्यादा बॉटम हैंड का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अब उन्हें खुद को थोड़ा ज्यादा समय क्रीज पर देने की जरूरत है। उन्हें खुद को याद दिलाना चाहिए कि वे ऑफ साइड पर भी बहुत अच्छा खेलते हैं। इसी वजह से हम उन्हें 360-डिग्री प्लेयर कहते हैं,मतलब वे पूरे ग्राउंड के चारों ओर रन बना सकते हैं, सिर्फ लेग साइड पर नहीं। लेग साइड पर जो शॉट्स वे खेलते हैं, उन्हें भी ज्यादा सीधे हिट करने की जरूरत है।"
उन्होंने आगे कहा, ''अगर आप उन्हें जगह देते हैं, तो वे ऑफ साइड के माध्यम से खेल सकते हैं। उन्हें खुद को याद दिलाना चाहिए कि उनके पास स्कोर करने के और भी ज्यादा तरीके हैं। अपनी पारी की शुरुआत में, उन्हें ग्राउंड पर हिट करने का टारगेट रखना चाहिए। पिछले कुछ मैचों में, उन्होंने हवाई शॉट्स खेलने की कोशिश की और आउट हो गए। उन्हें फैसला करना होगा कि जब वे बल्लेबाजी करने आएं, तो शुरुआत में ग्राउंड के जरिए शॉट्स खेलेंगे।"






