
शुभमन गिल-श्रेयस अय्यर 3,000 रन पूरा करने के करीब, कप्तान-उपकप्तान के पास रिकॉर्ड बनाने का बड़ा मौका
शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के पास आगामी न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में 3000 रन पूरा करने का मौका है। कप्तान उपकप्तान अगर इस सीरीज के दौरान वनडे में तीन हजार रन पूरा कर लेते हैं, तो वह सबसे तेज इस उपलब्धि को हासिल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में आ जाएंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हो रही है। गिल चोट के कारण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थे, जबकि श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगी चोट के बाद पहली बार भारत के लिए खेलने उतरेंगे। दोनों स्टार बल्लेबाजों के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।
भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर वनडे में 3,000 रन पूरा करने के करीब हैं। उन्हें ये मुकाम हासिल करने के लिए 83 रनों की जरूरत है। उन्होंने 67 पारियां खेली हैं। अगर वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान तीन हजार रन पूरे कर लेते हैं तो वह पारी के लिहाज से सबसे तेज इस आंकड़े तक पहुंचने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। वह शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, जिन्होंने 72 पारियों में ये कारनामा किया था।
श्रेयस अय्यर अगर पहले ही वनडे में यह मुकाम हासिल कर लेते हैं, तो वह कुल मिलाकर 3,000 वनडे रन बनाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज़ बल्लेबाज़ बन जाएंगे और पाकिस्तान के बाबर आजम की बराबरी कर लेंगे। वनडे में सबसे तेज तीन हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हाशिम अमला के नाम है। वह सिर्फ 57 पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचे हैं।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल भी वनडे में तीन हजार रन पूरा करने के करीब हैं। शुभमन गिल इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 182 रनों की जरूरत है। गिल ने 58 मैच खेले हैं अगर वह इस सीरीज के दौरान ऐसा करने में सफल होते हैं, तो वह सबसे कम पारियों या मैचों में तीन हजार तक पहुंचने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। वह हाशिम अमला के बाद ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बनेंगे।
गिल को अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के लिए नहीं चुना गया लेकिन 26 साल का यह खिलाड़ी खेल के दो अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में भारत का नेतृत्व करता रहेगा। गिल ने भारत के लिए 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 869 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 28.03 और स्ट्राइक रेट 138.59 का रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के शुरूआती वनडे से पहले गिल ने कहा, ‘‘ मेरा मानना है कि मैं वहीं हूं जहां मुझे होना चाहिये। मेरी तकदीर में जो लिखा है उसे कोई मुझसे नहीं छीन सकता।’’
गिल ने कहा, ‘‘जाहिर है एक खिलाड़ी के तौर पर आपको यह विश्वास होता है कि अगर आप विश्व कप में खेलते हैं। तो आप अपनी टीम के लिए और अपने देश के लिए जीत हासिल करेंगे।’’ गिल ने कहा, ‘‘ मैं चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान करता हूं और टी20 टीम को मेरी शुभकामनाएं। मुझे पूरी उम्मीद है कि वे हमारे लिए विश्व कप जीतेंगे।”






