
IND vs NZ: विराट कोहली की तारीफ में बोले श्रेयस अय्यर- जो भी कहा जाए वो कम है
श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के हीरो किंग कोहली की शान में कसीदे पढ़े हैं। मैच के बाद अय्यर ने कहा कि उनकी पारी के बारे में जितनी भी बातें की जाएं वो कम है। वह ये कई सालों से लगातार करते आ रहे हैं।
श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे के हीरो किंग कोहली की शान में कसीदे पढ़े हैं। विराट कोहली ने वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में 93 रन की जबरदस्त पारी खेलकर भारत को 301 रनों का लक्ष्य हासिल करने में अहम भूमिका निभाई। श्रेयस अय्यर ने 49 रन की पारी खेली। मैच के बाद अय्यर ने कहा कि उनकी पारी के बारे में जितनी भी बातें की जाएं वो कम है।
बीसीसीआई की तरफ से जारी वीडियो में विराट कोहली को लेकर अय्यर कहते हैं, 'हम उनकी पारी के बारे में जो भी कहते हैं, वो कम ही होगा। हम पिछले कई सालों से ये देखते आए हैं और वह इसे निरंतरता के साथ करते आए हैं। जिस तरह से वह स्ट्राइक रोटेट करते हैं, गेंदबाजों पर हावी होते हैं, वह महफिल लूटते हैं।'
हम उनकी पारी के बारे में जो भी कहते हैं, वो कम ही होगा। हम पिछले कई सालों से ये देखते आए हैं और वह इसे निरंतरता के साथ करते आए हैं। जिस तरह से वह स्ट्राइक रोटेट करते हैं, गेंदबाजों पर हावी होते हैं, वह महफिल लूटते हैं।
चोट की वजह से लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले श्रेयस अय्यर अर्धशतक से सिर्फ 1 रन से चूक गए लेकिन टीम की जीत से वह उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, ‘सीरीज की शानदार शुरुआत। अंतराल के बाद टीम में आना इस स्क्वाड का हिस्सा बनना अच्छा लगता है। इससे भी ज्यादा अच्छी बात हर किसी के साथ इस ड्रेसिंग रूम को शेयर करना है। मैं इसे कुछ समय से मिस कर रहा था लेकिन मैं खुश हूं कि मैं वापस आ गया हूं।’
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच की बात करें तो विराट कोहली ने 91 गेंदों में 93 रनों की शानदार पारी खेली। वह शतक से सिर्फ 7 रन से चूक गए लेकिन इस पारी के दौरान वह कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। कोहली अब कुमार संगकारा को पीछे छोड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही हैं। कोहली ने सबसे तेजी से 28 हजार रन बनाए हैं। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 557 मैच में 52.66 की औसत से 28,068 रन हैं। इस दौरान उन्होंने 84 शतक और 146 अर्धशतक जड़े हैं।






