
टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला करे भारत, पार्थिव ने सूर्यकुमार को क्यों दिया ऐसा चैलेंज?
पार्थिव पटेल का मानना है कि अगर भारतीय टीम चौथे मैच में टॉस जीतती है तो उसे पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए, जिससे आगामी टी20 विश्व कप के दौरान ओस आने की स्थिति पर गेंदबाज तैयार हो सके।
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने कहा है कि भारतीय टीम को चौथे टी20 मैच में टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने का फैसला करना चाहिए, जिससे टीम आगामी टी20 विश्व कप में ओस आने पर मुश्किलों स्थितियों से उबर सकने के लिए तैयार हो जाए। भारत ने लगातार दो मैचों में टॉस जीते हैं और दोनों में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरे और तीसरे मैच में इतनी विस्फोटक बल्लेबाजी की है कि मैच काफी जल्दी खत्म हो गया। भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती तीनों मुकाबले जीते हैं और सीरीज भी अपने नाम कर ली है।
पार्थिव पटेल ने कहा, "वर्तमान में भारतीय बल्लेबाज जिस फॉर्म में हैं, हम आसानी से 300 रन का स्कोर बोर्ड पर लगा सकते हैं। लेकिन मैं चाहता हूं कि भारत पहले बल्लेबाजी करे, उसका एक अलग कारण है। सुपर 8 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में, अगर भारत टॉस हार जाता है, तो ओस एक बड़ा फैक्टर हो सकता है। भारत को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। हम पहले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीत चुके हैं और इस फॉर्मेट में हमारा दबदबा है।''
उन्होंने कहा, ''अब समय आ गया है कि दुनिया को दिखाएं बिना ज्यादा आत्मविश्वासी हुए कि हम T20 विश्व कप के लिए तैयार हैं और ऑस्ट्रेलिया या साउथ अफ्रीका जैसी टीमों के खिलाफ बड़े मैचों में, सेमीफाइनल या फाइनल में भी हम तैयार हैं। ओस बहुत बड़ी भूमिका निभाएगी, और यही एकमात्र वजह हो सकती है जिससे भारत कोई मैच हार जाए। भारत को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। दुनिया को दिखाएँ कि हम इस फॉर्मेट के राजा हैं और जब टॉस जीतें तो पहले बल्लेबाजी चुनें।"
भारत ने अभी तक पांच मैच की इस सीरीज के पहले तीनों मैच जीते हैं। पूर्व में नंबर एक रहे सूर्यकुमार ने इन मैच में 32, नाबाद 82 और नाबाद 57 रन बनाए जिससे वह रैंकिंग में आगे बढ़ने में सफल रहे। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप से पहले बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि तिलक वर्मा तीसरे स्थान पर हैं। तिलक वर्मा चोटिल होने के कारण इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं।






