Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़ind vs nz Kristian Clarke Set for Debut as Michael Bracewell Hints at New Zealand Playing XI
कप्तान माइकल ब्रैसवेल ने न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन को लेकर दिया हिंट, क्रिस्टियन क्लार्क करेंगे डेब्यू

कप्तान माइकल ब्रैसवेल ने न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन को लेकर दिया हिंट, क्रिस्टियन क्लार्क करेंगे डेब्यू

संक्षेप:

माइकल ब्रेसवेल ने रविवार को होने वाले मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन को लेकर हिंट दिया है। उन्होंने कहा है कि 24 वर्षीय क्रिस्टियन क्लार्क पहले मुकाबले में डेब्यू करेंगे।

Jan 10, 2026 09:04 pm ISTHimanshu Singh Bhasha
share Share
Follow Us on

न्यूजीलैंड के कार्यवाहक कप्तान माइकल ब्रैसवेल ने शनिवार को कहा कि उनकी टीम भारत के खिलाफ तीन वनडे मैच की सीरीज में तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई के लिए ऑलराउंडर काइल जैमीसन पर भरोसा करेगी, जबकि रविवार को होने वाले पहले मैच में 24 वर्षीय क्रिस्टियन क्लार्क वनडे में पदार्पण करेंगे। वनडे रैंकिंग में शीर्ष दो स्थान पर काबिज भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस सीरीज में रोमांचक मुकाबला होने की संभावना है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

ब्रैसवेल ने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमारे पास काइल जैमीसन हैं, जो लंबे समय से क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके पास काफी अनुभव है। कप्तान के तौर पर गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करने के लिए मैं उन पर काफी भरोसा करूंगा। वह बहुत ही कुशल गेंदबाज हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने अभी अपनी अंतिम एकादश तय नहीं की है लेकिन मैं पुष्टि कर सकता हूं कि क्रिस्टियन क्लार्क कल (रविवार) वनडे में अपना पदार्पण करेंगे। यह उनके लिए शानदार मौका है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में और यहां की तैयारी के दौरान काफी अच्छी गेंदबाजी की है।’’

न्यूजीलैंड के कुछ प्रमुख बल्लेबाज इस दौरे पर उपलब्ध हैं और ब्रैसवेल ने कहा कि बल्लेबाजी उनका मजबूत पक्ष है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम को देखें तो बल्लेबाजी विभाग में अनुभव की कोई कमी नहीं है, जो अच्छी बात है। हम जानते हैं कि हमारी बल्लेबाजी मजबूत है और युवा खिलाड़ियों के लिए भी काफी अवसर हैं।’’

ये भी पढ़ें:रोहित शर्मा ने सुधारी मोहम्मद सिराज की बैटिंग, नेट्स में ऋषभ पंत को लगी चोट

ब्रैसवेल ने कहा कि उनकी टीम के लिए यह अच्छी बात है कि उसे टी20 विश्व कप से पहले यहां कुछ मैच खेलने का मौका मिल रहा है। टी20 विश्व कप सात फरवरी से भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘शायद हमारे पास उतना अनुभव नहीं है जितना आमतौर पर होता है। इसके बावजूद हम यहां अपने प्रदर्शन को लेकर काफी आश्वस्त हैं। हम इन परिस्थितियों में खेलने का अनुभव हासिल करना चाहते हैं और अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।’’

ब्रैसवेल ने कहा, ‘‘टी20 विश्व कप से इतने पहले यहां खेलना बहुत बड़ा फायदा है। हम निश्चित रूप से अभी वनडे सीरीज पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और पहले मैच में अपनी खास छाप छोड़ने को लेकर उत्साहित हैं।’’

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |