
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के मुंह से छीनी जीत, लेकिन इस प्लेयर को दिया क्रेडिट; बोले- मेरा दबाव कम किया
KL Rahul IND vs NZ 1st ODI: केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत की जीत की नैया पार लगाई। अनुभवी बल्लेबाज ने छठे नंबर पर उतरने के बाद नाबाद 29 रन बनाए।
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में चार विकेट से रोमांचक जीत हासिल की। भारत ने वडोदरा के मैदान पर 301 का टारगेट 6 गेंद बाकी रहते चेज किया। विराट कोहली (93), कप्तान शुभमन गिल (56), श्रेयस अय्यर (49) के अलावा तेज गेंदबाज हर्षित राणा (29) और विकेटकीपर केएल राहुल (नाबाद 29) के बल्ले से अहम पारी निकली। राहुल ने भारत की जीत की नैया पार लगाई। उन्होंने अपनी पारी में 21 गेंद खेलते हुए दो चौके और एक छक्का लगाया। राहुल ने भले ही न्यूजीलैंड के मुंह से जीत छीनी, लेकिन हर्षित को क्रेडिट देना नहीं भूले। वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के कारण हर्षित उनसे पहले बैटिंग करने उतरे थे और उम्मीदों पर खरे खतरे।
राहुल और हर्षित ने जोड़े 37 रन
एक समय भारतीय टीम 42वें ओवर में 245/5 के स्कोर पर जूझ रही था लेकिन राहुल और हर्षित ने मुश्किल में मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी की। हर्षित ने 23 गेंदों का सामना करने के बाद दो चौके और एक छक्का लगाया, जिससे राहुल के ऊपर से प्रेशर काफी कम हो गया। हर्षित 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर पवेलियन लौटे। उनके जाने के बाद सुंदर को बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा। राहुल ने सुंदर के साथ सातवें विकेट के लिए 27 रनों की अटूट पार्टनरशिप की। सुंदर ने सात गेंदों में सात रन बनाए। बॉलिंग करते समय चोटिल हुए ऑलराउंडर को भागने में बहुत तकलीफ हो रही थी।
'मेरे ऊपर से दबाव कम कर दिया'
रोमांचक जीत के बाद राहुल ने कहा, ''हर्षित राणा ने बखूबी अपना काम किया। उन्होंने मेरे ऊपर से दबाव कम कर दिया। उनकी स्ट्राइकिंग से चेज आसान हो गया। मैं आखिर में शांत मन से बैटिंग कर रहा था। हमें बहुत ज्यादा रन की जरूरत नहीं थी। मुझे नहीं पता था कि वॉशिंगटन दौड़ नहीं सकते लेकिन उन्होंने अच्छी तरह से गेंद को हिट किया। हम ज्यादा डॉट गेंद नहीं चाहते थे। पिच 100 ओवर तक एक जैसी रही, नई बॉल से बैटिंग करना आसान होता है। रोहित शर्मा, गिल और विराट ने सही स्टेज सेट किया। बाद में विकेट धीमा हुआ लेकिन शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। हमने न्यूजीलैंड के खिलाफ कई लास्ट-ओवर फिनिश किए हैं। वे गेम में वापस आने के तरीके ढूंढ लेते हैं। बाकी मैचों का इंतजार रहेगा।'' तीन मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे बुधवार को राजकोट में होगा।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





