
विराट कोहली के प्रदर्शन पर शुभमन गिल बोले- उम्मीद है हमारे लिए ऐसे ही आगे भी रन बनाते रहेंगे
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा है कि विराट कोहली जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह बल्लेबाजी को बेहद आसान बना देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कोहली ऐसे ही टीम के लिए रन बनाते रहेंगे।
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि विराट कोहली जिस तरह की बल्लेबाजी कर रहे है। उम्मीद है वह आगे भी हमारे लिए रन बनाते रहेंगे। रविवार को न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराने के बाद गिल ने कहा कि टीम के लिए योगदान बेहद सुखद होता है विशेषकर जब आप लक्ष्य का पीछा कर रहे हों। विराट कोहली (93), कप्तान शुभमन गिल (56) और श्रेयस अय्यर (49) की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने रविवार को पहले वनडे मुकाबले में छह गेंदे शेष रहते न्यूजीलैंड को चार विकेट से शिकस्त दी। केएल राहुल ने भारत के लिए विजयी छक्का लगाया। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। विराट कोहली को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' से नवाजा गया।
शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा, ''हर स्पोर्ट्समैन के लिए जरूरी है कि वह वर्तमान में रहे और मैं भी यही कोशिश करता हूं। जिस तरह से कोहली बल्लेबाजी कर रहे हैं वह बल्लेबाजी को बेहद आसान बना देते हैं। हमें उम्मीद है कि वह हमारे लिए ऐसे ही रन बनाते रहेंगे। अर्शदीप ने पिछली सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था और सिराज पिछली सीरीज में नहीं खेले थे इसलिए रोटेशन को ध्यान में रखते हुए सिराज को अवसर दिया गया। क्योंकि वर्ल्ड कप से पहले अधिक मैच नहीं हैं। वॉशिंगटन को साइड स्ट्रेन है और वह स्कैन के लिए जाएंगे।''
मैच विजयी छक्का लगाने वाले के एल राहुल ने कहा कि अंतिम चार और पांच ओवर में हर्षित ने अपना काम किया और उन्होंने मेरे ऊपर से दबाव कम कर दिया। मैं अंत में बेहद शांत मन से बल्लेबाजी कर रहा था क्योंकि हमें अधिक रन नहीं चाहिए थे। मुझे नहीं पता था कि वह दौड़ नहीं सकते थे लेकिन उन्होंने अच्छी तरह से गेंदों को हिट किया। पिच में अधिक बदलाव नहीं आया और मुझे लगता है कि पूरे 100 ओवर पिच एक ही तरह से खेली, नई गेंद से बल्लेबाजी करना आसान होता है।
रोहित, शुभमन और कोहली ने स्टेज सेट किया, विकेट आगे चलकर धीमी हुई लेकिन शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और हमारे लिए काम आसान कर दिया। न्यूजीलैंड एक ऐसी टीम रही है जो आसानी से हार नहीं मानती है और मुकाबले में वापस आने के लिए तैयार रहती है। यही वजह है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच रोमांचक होता है।






