
हम तब भी दूसरा वनडे हार जाते…कप्तान शुभमन गिल ने खुलकर बताई भारतीय टीम की सबसे बड़ी गलती
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में हार के बाद बिना लाग लपेट के जवाब दिया है। भारत ने राजकोट के मैदान पर 285 रनों का टारगेट दिया था।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम को बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में सात विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा। न्यूजीलैंड ने खराब शुरुआत से उबरते हुए 285 रनों का लक्ष्य 15 गेंद बाकी रहते हासिल किया। प्लेयर ऑफ द मैच डेरिल मिचेल (117 गेंदों में नाबाद 131) ने न्यूजीलैंड की जीत की नैया पार लगाई। उन्होंने मिडिल ओवर्स में विल यंग (98 गेंदों में 87) के साथ बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की दमदार साझेदारी की। शुभमन ने राजकोट वनडे में मिडिल ओवर्स में विकेट नहीं चटकाने को भारत की सबसे बड़ी गलती करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर 15-20 रन अधिक होते, तब भी टीम दूसरा वनडे हार जाती। तीन मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।
'पांच फील्डर होने के बावजूद विकेट नहीं मिला'
शुभमन ने कहा, ''हम मिडिल ओवर्स में कोई विकेट नहीं ले पाए। जब सर्कल के अंदर पांच फील्डर होने के बावजूद विकेट नहीं मिले तो बहुत मुश्किल होती है। अगर 15-20 रन ज्यादा भी होते तो हम यह मुकाबला हार जाते।'' भारत ने केएल राहुल के शतक (92 गेंदों में नाबाद 112) और शुभमन (53 गेंदों में 56) के दम पर 284/ का स्कोर बनाया। शुभमन ने 284 के स्कोर पर कहा, ''जब पार्टनरशिप हो जाती है तो सेट बल्लेबाज को बड़ी पारी खेलनी चाहिए थी। आने वाले बैट्समैन के लिए रन बनाना आसान नहीं होता। गेंदबाजी में हमें ठीक-ठाक शुरुआत मिली लेकिन मिडिल ओवर्स में न्यूजीलैंड ने बहुत अच्छी बैटिंग की। शुरुआती 10-15 ओवर जो हमने फेंके, उसमें बॉल अच्छा काम कर रही थी। उसके बाद पिच आसान हो गई। हम थोड़ा और साहस दिखा सकते थे।''
'मौके नहीं लेंगे तो खामियाजा भुगतना पड़ेगा'
भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे वनडे में अच्छी फील्डिंग नहीं की और कैच टपकाए। कप्तान ने कहा, ''पिछले मैच में भी हमने कुछ मौके गंवाए। हम हमेशा फील्डिंग में बेहतर होने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अगर आप इस फॉर्मेट में मौके नहीं लेंगे तो खामियाजा भुगतना पड़ेगा।'' भारतीय स्पिन गेंदबाज एक बार फिर घरेलू मैदान पर प्रभाव नहीं छोड़ सके। वहीं, राजकोट में स्पिनरों की मददगार पिच पर न्यूजीलैंड ने न सिर्फ बेहतर ढंग से परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाला बल्कि भारत से कहीं बेहतर प्रदर्शन भी किया। सीरीज का अंतिम और निर्णायक मुकाबला रविवार (18 जनवरी) को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





