IND vs NZ 1st ODI Highlights: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में विजयी आगाज किया है। भारत ने रविवार को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने 301 का टारगेट दिया, जिसे भारत ने 49 ओवर में छह विकेट गंवाकर चेज किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सधी हुई शुरुआत की। रोहित शर्मा (29 गेंदों में 26) ने कप्तान शुभमन गिल (71 गेंदों में 59) के साथ 39 रनों की साझेदारी की। रोहित नौवें ओवर में आउट हुए, जिसके बाद विराट कोहली ने मोर्चा संभाला। कोहली ने गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन जोड़े। गिल 27वें ओवर में पवेलियन लौटे। ऐसे में कोहली ने श्रेयस अय्यर (47 गेंदों में 49) के संग तीसरे विकेट के लिए 77 रनों की पार्टनरशिप की।
लग रहा था कि कोहली आसानी से 85वां शतक लगा देंगे लेकिन काइल जैमीसन ने 40वें ओवर में भारत को डबल झटका दिया। उन्होंने कोहली के अलावा रवींद्र जडेजा (1) को अपने जाल में फंसाया। कोहली ने 91 गेंदों में 93 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक सिक्स है। अय्यर ने 42वें ओवर में अपना विकेट गंवाया। इसके बाद, केएल राहुल 'संकटमोचक' बने। उन्होंने हर्षित राणा (23 गेंदों में 29) के साथ छठे विकेट के लिए 37 जोड़े। उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर (7 गेंदों में नाबाद 7) के साथ 27 रनों की साझेदारी की। भारत को अंतिम 12 गेंदों में 12 रन चाहिए थे मगर राहुल ने 49वें ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर भारत की जीत की नैया पार लगा दी। राहुल ने 21 गेंदों में नाबाद 29 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए जैमीसन ने चार विकेट चटकाए। आदित्य अशोक और क्रिस्टियन क्लार्क ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने टॉस गंवाने के बाद निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 300 रन जुटाए। मेहमान टीम के लिए सर्वाधिक रन डेरिल मिचेल ने बनाए। उन्होंने 71 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 84 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने आगाज आगाज किया। डेवोन कॉनवे (67 गेंदों में 56) और हेनरी निकोल्स (69 गेंदों में 62) ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े। विल यंग (12), ग्लेन फिलिप्स (12) सस्ते में लौटे। कप्तान माइकल ब्रेसवेल 16 के निजी स्कोर पर रनआउट हुए। हालांकि, चौथे नंबर पर उतरे डेरिल दूसरे छोर पर डटे रहे। उन्होंने ब्रेसवेल के साथ छठे विकेट के लिए 39 और क्रिस्टियन क्लार्क (नाबाद 24) के संग सातवें विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। काइल जैमीसन 8 रन बनाकर नाबाद रहे। जकारी फाउल्केस ने एक रन बनाया। भारत की ओर से हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो जबकि कुलदीप यादव ने एक विकेट हासिल किया।
IND 306/6 (49 ओवर)
NZ 300/8 (50 ओवर)
11 Jan 2026, 01:12:27 PM IST
IND vs NZ Live Score: टॉस के बाद क्या बोले शुभमन?
कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद कहा कि हम पहले बॉलिंग करेंगे। अलग-अलग कॉम्बिनेशन ट्राई करेंगे, देखेंगे कि कौन सा हमारे लिए सबसे अच्छा है। ओस में बॉलिंग करना एक चैलेंज है। ओस आने पर लाइट्स में बैटिंग करना थोड़ा आसान होगा। खिलाड़ियों ने विजय हजारे ट्रॉफी मैच खेले हैं, सभी अच्छे फॉर्म में दिख रहे हैं। टीम में माहौल अच्छा है। हम 6 बॉलर के साथ उतर रहे हैं।
11 Jan 2026, 01:03:16 PM IST
IND vs NZ Live Score: भारत ने पहले वनडे में जीता टॉस
भारत ने पहले वनडे में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बैटिंग का न्योता दिया
11 Jan 2026, 12:46:13 PM IST
IND vs NZ Live Score: कुछ देर में वडोदरा में होगा टॉस
इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड पहला वनडे शुरू होन में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। कप्तान शुभमन गिल और माइकल ब्रेसवेल एक बजे टॉस के लिए वडोदरा के मैदान पर होंगे।
11 Jan 2026, 12:32:03 PM IST
IND vs NZ Live Score: इस तिकड़ी पर पेस अटैक का दारोमदार
भारत के पेस अटैक का दारोमदार मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाजों पर होगा। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को टी20 प्रतिबद्धताओं के मद्देनजर वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा स्पिन विभाग संभालेंगे।
11 Jan 2026, 12:18:23 PM IST
IND vs NZ Live Score: आदित्य अशोक पर भी रहेंगी नजरें
23 वर्षीय लेग स्पिनर आदित्य अशोक के प्रदर्शन पर भी नजरें रहेंगी। वह न्यूजीलैंड के लिए दो वनडे और एक टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। जेडन लेनॉक्स को मिचेल सैंटनर के समान विकल्प के रूप में टीम में शामिल किया गया।
11 Jan 2026, 12:01:18 PM IST
IND vs NZ Live Score: पंत को लेकर बीसीसीआई क्या बोला?
ध्रुव जुरेल को न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने चोटिल ऋषभ पंत की जगह ली है। बीसीसीआई ने बताया, ''विकेटकीपर पंत को शनिवार दोपहर वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में भारतीय टीम के अभ्यास सत्र के दौरान बल्लेबाजी करते समय पेट की दाईं ओर मांसपेशियों में अचानक दर्द महसूस हुआ। पंत को तुरंत एमआरआई स्कैन के लिए ले जाया गया। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने विशेषज्ञों के साथ उनकी क्लीनिक और रेडियोलॉजिकल रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की। जांच में पंत को साइड स्ट्रेन (ऑब्लिक मसल टियर) पाया गया है, जिसके चलते उन्हें वनडे श्रृंखला से बाहर होना पड़ा है।''
11 Jan 2026, 11:49:31 AM IST
IND vs NZ Live Score: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड की अब तक 120 वनडे मैचों में भिड़ंत हो चुकी हैं। भारत ने इस दौरान 62 मैच जीते जबकि न्यूजीलैंड ने 50 में बाजी मारी। एक मैच टाई रहा और सात मुकाबला का कोई नतीजा नहीं निकला।
11 Jan 2026, 11:34:19 AM IST
IND vs NZ Live Score: भारत का स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।
11 Jan 2026, 11:34:19 AM IST
IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड का स्क्वॉड
माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, हेनरी निकोल्स, विल यंग, जोश क्लार्कसन, ग्लेन फिलिप्स, आदित्य अशोक, क्रिस्टियन क्लर्क, जैक फॉल्क्स, डेरिल मिचेल, काइल जैमीसन, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), जेडन लेनॉक्स, माइकल रे।