भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में दर्ज की सबसे बड़ी जीत, नामीबिया को रौंदकर तोड़ा 14 साल पुराना रिकॉर्ड

Feb 13, 2026 10:21 am ISTMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share

India vs Namibia: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की। हार्दिक पांड्या ने दिल्ली के मैदान पर हरफनमौला प्रदर्शन किया। ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी की।

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में दर्ज की सबसे बड़ी जीत, नामीबिया को रौंदकर तोड़ा 14 साल पुराना रिकॉर्ड

भारत ने गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया को 93 रनों से रौंदकर नया इतिहास रच डाला। भारत ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 210 का टारगेट देने के बाद नामीबिया को 18.2 ओवर में 116 रनों पर समेट दिया। यह भारत की रनों के लिहाज से टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने 14 साल पुराना अपना रिकॉर्ड तोड़ा है। भारतीय टीम ने 2012 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को 90 रनों से धूल चटाई थी। ग्रुप ए का हिस्सा भारत ने मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की जबकि नामीबिया को लगातार दूसरी का सामना करना पड़ा।

हार्दिक ने किया हरफनमौला प्रदर्शन

भारत के खिलाफ नामीबिया की ओर से सर्वाधिक रन लौरेन स्टीनकैंप ने बनाए। उन्होंने 20 गेंदों में 29 रन बटोरे, जिसमें तीन चौके और एक सिक्स है। जान फ्राइलिंक ने 22 और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 18 रनों का योगदान दिया। जान निकोल लोफ्टी-ईटन के बल्ले से 13 रन निकले। मालन क्रूगर समेत नामीबिया के पांच खिलाड़ी दहाई अंक में नहीं पहुंचे। भारत के लिए स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने कातिलाना गेंदबाज की। उन्होंने चार ओवर में सात रन देकर तीन विकेट चटकाए। हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल ने दो-दो जबकि अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक शिकार किया। हार्दिक ने हरफनमौला प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

ओपनर ईशान किशन ने चला बल्ला

इससे पहले, सलामी बल्लेबाज ईशान किशन और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के तूफानी अर्धशतक के दम पर भारत ने 9 विकेट पर 210 रन बनाए। ईशान ने 24 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 61 रन की पारी खेली जबकि हार्दिक ने 28 गेंद में चार छक्कों और इतने ही चौकों से 52 रन बनाए। ईशान ने तिलक वर्मा (21 गेंदों में 25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। हार्दिक ने शिवम दुबे (23) के साथ पांचवे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी करके अंतिम ओवरों में रन गति में इजाफा किया। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (चार ओवर में 20 रन पर चार विकेट) और बर्नार्ड स्कोल्ट्ज (चार ओवर में 41 रन पर एक विकेट) की स्पिन जोड़ी ने बीच के ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी करके रन गति पर अंकुश लगाया। भारत ने सात ओवर में एक विकेट पर 104 बना लिए थे लेकिन अंतिम 13 ओवर में टीम 105 रन ही जोड़ सकी।

संजू सैमसन ने दिखाए तूफानी तेवर

इरास्मस ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद संजू सैमसन (8 गेंदों में 22) ने रूबेन ट्रंपलमैन पर छक्के से खाता खोला और फिर बेन शिकोंगो (41 रन पर एक विकेट) की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। वह हालांकि शिकोंगो की अगली गेंद को डीप मिडविकेट पर सीधे लॉरेन स्टीनकैंप के हाथों में खेल गए। ईशान ने छठे ओवर में स्मिट की लगातार गेंदों पर चार छक्के और एक चौके से 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 86 रन बनाए। ईशान ने हेइंगो की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 6.5 ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया जो पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी टीम का सबसे तेज शतक है। ऑफ स्पिनर इरास्मस ने आठवें ओवर की पहली ही गेंद पर इशान को डीप मिडविकेट पर शिकोंगो के हाथों कैच कराके नामीबिया को बड़ी सफलता दिलाई।

कप्तान सूर्यकुमार सस्ते में आउट

कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 13 गेंद में 12 रन बनाने के बाद बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड स्कोल्ट्ज की गेंद पर विकेटकीपर जेन ग्रीन के हाथों स्टंप हो गए। तिलक भी इसके बाद इरास्मस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर स्मिट के हाथों लपके गए जिससे 12वें ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 124 रन हो गया। दुबे और हार्दिक ने 15वें ओवर में स्कोल्ट्ज पर एक-एक छक्के के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। हार्दिक ने शिकोंगो की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे। उन्होंने 19वें ओवर में इरास्मस पर छक्के के साथ 27 गेंद में अर्धशतक और टीम के 200 रन पूरे किए। वह हालांकि अगली गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच देकर पवेलियन लौट गए। दुबे अगली गेंद पर रनआउट हुए जबकि इरास्मस ने इसी ओवर में अक्षर पटेल (0) को भी बोल्ड किया। रिंकू सिंह भी एक रन बनाकर स्मिट का शिकार हुए जबकि अर्शदीप सिंह (2) अंतिम गेंद पर रन आउट हुए। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।