'बतौर कप्तान शानदार शुरुआत रही', हारने पर भी श्रेयस अय्यर नहीं टूटे, कहा- हार से सीखकर करेंगे वापसी
श्रेयस अय्यर ने मैच हारने के बावजूद कहा है कि कप्तान के तौर पर शानदार शुरुआत रही। उनका मानना है कि बीच के ओवरों में गेंदबाज अपने प्लान पर टिक नहीं पाए और इस वजह से आयरलैंड के बल्लेबाजों को बड़ा शॉट खेलने का मौका मिला।

आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में 34 रन की चौकाने वाली हार का सामना करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुक्रवार को कहा कि टीम इस मैच को भूलकर इससे सीख लेगी और अगले मुकाबले में पूरी तैयारी के साथ उतरेगी। आयरलैंड ने नौ विकेट पर 182 रन बनाने के बाद भारत को 148 रन पर आउट कर टी20 विश्व चैंपियन के खिलाफ किसी भी प्रारूप में पहली जीत दर्ज की। अय्यर ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा कि गेंदबाज बीच के ओवरों में लय बरकरार रखने में विफल रहे।
बतौर कप्तान पर शानदार शुरुआत
उन्होंने कहा, ''शुरुआत में हमारे गेंदबाज काफी धारदार गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन बीच के ओवरों में हम अपनी योजनाओं पर अमल नहीं कर सके।'' उन्होंने कहा, '' हमने आयरलैंड के बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने का मौका दिया। उस समय मुझे लगा था कि 140 रन का लक्ष्य ही बनेगा और उसे हासिल करना आसान होगा।" उन्होंने चुटिले अंदाज में हुए कहा, ''कप्तान के तौर पर शानदार शुरुआत रही।''
अय्यर ने इसके बाद गंभीर होते हुए कहा, ''इस मैच को भूलकर, इससे सीख लेंगे और अगले मुकाबले में पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।'' उन्होंने कहा, ''किसी भी चीज को हल्के में नहीं लिया जा सकता। आपको हर मैच में पूरी मेहनत करनी होती है। वर्तमान में रहना जरूरी है और जब भी प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाने का मौका मिले, उसे हाथ से नहीं जाने देना चाहिए।''
आयरलैंड ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत
आयरलैंड ने आक्रामक बल्लेबाजी के बाद मैट हॉलार्ड (28 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में अनुशासित गेंदबाजी के दम पर दो मैचों की सीरीज में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शुक्रवार को भारत को 34 रन से हराकर इतिहास रच दिया। मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ किसी भी प्रारूप में आयरलैंड की यह पहली जीत है। इसके साथ ही दो मैचों की श्रृंखला में उसने 1-0 की बढ़त बना ली।
आयरलैंड के कप्तान लोर्कान टकर ने 36 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्हें गेराथ डेलानी (32 गेंदों में 49 रन) का अच्छा साथ मिला।पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने खराब शुरुआत से उबरते हुए नौ विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी नहीं कर सके और टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (50) ने 20 गेंदों में शानदार अर्धशतक लगाया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास साथ नहीं मिला।
आयरलैंड के लिए पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज जय मूंद्रा (26 रन पर दो विकेट) ने भारत को पहला झटका दिया। उन्होंने अपने मूल देश के खिलाफ संजू सैमसन (04) को बोल्ड कर पहली सफलता हासिल की। इसके बाद आयरलैंड के गेंदबाजों ने लगातार सटीक लेंथ पर गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाज एक के बाद एक विकेट गंवाते रहे।



