टीम इंडिया की नैया डोलने से सौरव गांगुली क्यों हैरान? इस विवादास्पद फैसले पर चुप्पी साधी

कोलकाता, भाषा
Follow us on Google News
share

टीम इंडिया की नैया डोलने से सौरव गांगुली हैरान हैं। हालांकि, पूर्व कप्तान गांगुली ने भारत के प्रदर्शन में गिरावट के बावजूद टीम के वापसी करने पर भरोसा जताया।

टीम इंडिया की नैया डोलने से सौरव गांगुली क्यों हैरान? इस विवादास्पद फैसले पर चुप्पी साधी

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने सीमित ओवरों के प्रारूप में हाल में भारत के प्रदर्शन में आई गिरवाट पर बुधवार को हैरानी जताई लेकिन टी20 वर्ल्ड चैंपियन टीम का वापसी के लिए समर्थन किया। उन्होंने हालांकि विश्व कप विजेता टीम के स्टार संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं देने पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ भारत को 125 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा जब टीम 202 रन के लक्ष्य पीछा करते हुए 76 रन पर सिमट गई। यह रनों के लिहाज से भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार थी। इस हार के बाद भारत पांच मैच की सीरीज में 0-2 से पीछे हो गया है।

'मैं भारत के प्रदर्शन से थोड़ा हैरान हूं'

टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह ब्रिटेन दौरे से पहले कप्तान बनाए गए श्रेयस अय्यर को अब भी टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान के तौर पर अपनी पहली जीत की तलाश है। इससे पहले भारत को आयरलैंड के खिलाफ भी 0-2 की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था जिससे दौरे की शुरुआत खराब रही थी। गांगुली ने अपने 54वें जन्मदिन के जश्न के इतर कोलकाता में संवाददाताओं से कहा, ''मैं भारत के प्रदर्शन से थोड़ा हैरान हूं। वे सीमित ओवरों के क्रिकेट में बहुत मजबूत टीम रहे हैं और ऐसा लगता है कि यह उनकी फॉर्म में अस्थायी गिरावट है।'' हालांकि, उन्होंने टीम के वापसी करने पर भरोसा जताया।

'यह फैसला टीम मैनेजमेंट को करना है'

गांगुली ने कहा, ''वे अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखे हैं लेकिन भारत के पास कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं और मुझे यकीन है कि वे वापसी करेंगे। अब उनके पास सीरीज बराबर करने का ही विकल्प है। हर अच्छी टीम मुश्किल दौर से गुजरती है और वापसी का रास्ता ढूंढ लेती है।'' सबसे बड़ा चौंकाने वाला फैसला तब आया जब गौतम गंभीर की अगुवाई वाले भारतीय टीम प्रबंधन ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय से सैमसन को बाहर कर दिया जिससे कि युवा वैभव सूर्यवंशी को शीर्ष क्रम में जगह दी जा सके। जब इस विवादास्पद फैसले के बारे में पूछा गया तो गांगुली ने कहा, ''यह फैसला टीम मैनेजमेंट को करना है। इस पर टिप्पणी करना मेरे लिए उचित नहीं होगा।''

'अर्जेंटीना-भारत के मैच साथ-साथ देखे'

उन्होंने पिछली रात फीफा विश्व कप में मिस्र पर अर्जेंटीना की शानदार जीत के बारे में भी बात की। फुटबॉल के बड़े प्रशंसक गांगुली ने कहा कि वह फीफा विश्व कप पर नजर रखे हुए हैं और प्री क्वार्टर फाइनल में मिस्र के खिलाफ वापसी करते हुए अर्जेंटीना की 3-2 की जीत से बहुत प्रभावित हुए। मौजूदा चैंपियन अर्जेन्टीना ने 0-2 से पिछड़ने के बाद 13 मिनट के अंदर तीन गोल करके जीत हासिल की। गांगुली ने कहा, ''मैंने अर्जेंटीना और भारत के मैच साथ-साथ देखे। जब भी मेस्सी को गेंद मिलती थी तो मुझे लगता था कि गोल होने वाला है... और ऐसा हुआ भी। मौका मिलने पर महान खिलाड़ी ऐसा ही करते हैं। बड़े टूर्नामेंट में अच्छी टीमें इसी तरह आगे बढ़ती हैं। हर मैच एकतरफा नहीं होता।''

सौरव गांगुली पर बनी रही फिल्म 'दादा'

जन्मदिन का जश्न गांगुली के जीवन पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दादा' के आधिकारिक पोस्टर के अनावण के साथ हुआ। यह फिल्म 14 मई 2027 को रिलीज होने वाली है। राजकुमार राव अभिनीत इस पोस्टर में लॉर्ड्स की बालकनी में बिना शर्ट के गांगुली की वह मशहूर तस्वीर है जिसमें वह 2002 में भारत की ऐतिहासिक नेटवेस्ट सीरीज फाइनल जीत के बाद जश्न मना रहे हैं। गांगुली ने कहा, ''पोस्टर का अभी अनावरण हुआ है। मुझे उम्मीद है कि जब अगले साल फिल्म रिलीज होगी तो सभी इसे देखेंगे।'' इससे पहले गांगुली ने अपने घर पर आधी रात को केक काटकर अपना 54वां जन्मदिन मनाया। हालांकि, जश्न सादगी भरा था लेकिन उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अपनी बेटी सना से बात की जो इस समय बार्सीलोना में है।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।