'ऐसा कन्फ्यूज टीम मैनेजमेंट नहीं देखा,' मोहम्मद कैफ ने गंभीर पर साधा निशाना; संजू-वैभव के मैटर पर बोले
मोहम्मद कैफ ने भारतीय टीम मैनेजमेंट की कड़ी आलोचना की है। उनका मानना है कि संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के साथ जैसा व्यवहार हुआ है, वह पेशेवर नहीं था।
भारतीय टी20 टीम विश्व कप जीतने के बाद अपनी पहली जीत के लिए तरस गई है। टीम ने सात मुकाबले खेले हैं लेकिन जीत नसीब नहीं हुई है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम को 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड सीरीज में 4-0 से मिली हार के बाद पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को लेकर मैनेजमेंट की रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भारतीय टीम ने पहली बार द्विपक्षीय टी20 सीरीज में लगातार चार मुकाबले गंवाए हैं। इसके साथ ही भारत ने टी20 टीम रैंकिंग में नंबर वन की बादशाहत भी खो दी है।
वैभव सूर्यवंशी और संजू का आत्मविश्वास तोड़ दिया
सीरीज में मिली हार पर मोहम्मद कैफ ने टीम प्रबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि मैनेजमेंट के फैसलों ने टीम के अहम खिलाड़ियों का आत्मविश्वास तोड़ दिया है। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने एक्स पर लिखा, ''मैंने इससे ज्यादा कन्फ्यूज भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट नहीं देखा। वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, वह बिल्कुल भी पेशेवर नहीं है। वैभव एक जेनरेशनल प्रतिभा हैं और संजू विश्व कप विजेता। उन्हें आत्मविश्वास देने की जरूरत है, न कि उनके दिमाग में संदेह पैदा करने की।" टीम में बदलाव और बाहर करने के फैसले के बाद भी टीम का नतीजा नहीं बदला। इंग्लैंड के खिलाफ 4-0 से सीरीज गंवाने के पहले भारत आयरलैंड से भी 0-2 से हारा था।
संयोजन बदलना चाहती थी टीम
कप्तान श्रेयस अय्यर ने आखिरी मैच में वैभव सूर्यवंशी की जगह संजू सैमसन को शामिल करने की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि टीम को अभिषेक शर्मा के साथ दाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत थी। नया संयोजन ट्राई करना चाहते थे। श्रेयस ने 5वें मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''हमें सबसे बेहतर संयोजन आजमाने की ज़रूरत थी। साथ ही अभिषेक शर्मा के साथ एक दायें हाथ का बल्लेबाज भी चाहिए था। यही मुख्य वजह थी और अगर आप देखें, तो सभी बाएं हाथ के बल्लेबाजों में से केवल मैं ही एकमात्र दाएं हाथ का बल्लेबाज था।"
नंबर वन रैंकिंग गंवा दी
लगातार छह मैचों में हार के कारण भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपनी नंबर एक रैंकिंग गंवा दी।अय्यर ने कहा, ''यह वास्तव में निराशाजनक है। लेकिन मुझे लगता है कि कप्तान के तौर पर यह मेरे लिए और पहली बार यहां खेल रहे खिलाड़ियों के लिए भी बेहतरीन सीख है। आपको इंग्लैंड में जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी और एकाग्रता बनाए रखनी होगी।''
शीर्ष रैंकिंग गंवाने पर अय्यर ने कहा, ''यह सबके लिए मायने रखता है। अगर आप नंबर एक हैं, तो मुझे लगता है कि आपने टीम के लिए और व्यक्तिगत रूप से भी कुछ बहुत अच्छा किया है। विश्व कप अभी दो साल दूर है। अभी जो कुछ भी हो रहा है, वह सब विश्व कप की तैयारी है। इसलिए जितनी जल्दी और जितनी तेजी से हम सीखेंगे, उतना ही टीम और खिलाड़ियों के लिए अच्छा होगा।''
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



