IND vs ENG Highlights: भारत ने T20 विश्व कप के फाइनल में बनाई जगह, रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया
IND vs ENG Highlights: भारतीय टीम ने गुरुवार को टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराया। हाईस्कोरिंग मुकाबले में जीत के साथ भारत ने टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है।
IND vs ENG Highlights: भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को सात रन से हराया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए, इसके जवाब में इंग्लैंड ने जैकब बेथल की शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में सात विकेट खोकर 246 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 30 रन चाहिए थे और इंग्लैंड ने 22 रन बना लिए थे। इंग्लैंड के लिए जैकब बेथल ने सर्वाधिक 105 रन बनाए। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने दो, अर्शदीप, जसप्रीत, वरुण और अक्षर को एक-एक सफलता मिली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का फाइनल रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
254 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 38 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। फिल साल्ट (पांच) और कप्तान हैरी ब्रूक (सात) रन बनाकर आउट हुये। छठें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने जॉस बटलर को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। जॉस बटलर ने 17 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 25 रन बनाये। इसके बाद टॉम बैटन (17) को अक्षर पटेल ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद विल जैक्स ने जेकब बेथल के साथ पांचवें विकेट के लिए विस्फोटक 77 रन जोड़ कर भारत की चिंता बढ़ा दी। 14वें ओवर में अर्शदीप ने विल जैक्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
विल जैक्स ने 20 गेंदो में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 35 रन बनाये। 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक ने सैम करन (18) को आउट कर एक बार फिर मैच का पासा पलटा। आखिरी ओवर में शिवम दुबे की पहली गेंद जेकब बेथेल को रनआउट कर इंग्लैंड की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। जेकब बेथेल ने 48 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के जड़ते हुए 105 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी और मुकाबला सात रनों से हार गई। जोफ़्रा आर्चर ने आखिरी ओवर में तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 19 रन बनाये। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने दो विकेट लिये। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इंग्लैंड का पावरप्ले में प्रदर्शन
इंग्लैंड ने पावरप्ले के पहले ओवर में 13 रन बटोरे। अर्शदीप सिंह के ओवर में तीन चौके लगे। हार्दिक पांड्या ने अपने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट को आउट किया। सॉल्ट पांच रन ही बना सके। हार्दिक ने सिर्फ दो रन दिए। तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने 10 रन दिए। हार्दिक पांड्या के अगले ओवर से 13 रन बने। जसप्रीत बुमराह ने अपने ओवर की पहली ही गेंद पर हैरी ब्रुक को आउट किया। वरुण चक्रवर्ती के पहले ओवर में जैकब बेथल ने लगातार गेंदों पर तीन छक्के जड़े। हालांकि इसी ओवर में वरुण ने जोस बटलर को आउट किया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में हार्दिक के खिलाफ इंग्लैंड ने 15 रन बटोरे।
भारत ने बनाए 253 रन
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। वानखेड़े स्टेडियम में भारत की तरफ से संजू सैमसन ने 89, शिवम दुबे ने 43, जबकि ईशान किशन ने 39 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट चटकाए।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने सैमसन की तूफानी पारी से पावरप्ले में एक विकेट पर 67 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। सैमसन ने जोफ्रा आर्चर की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ तेवर दिखाए। इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में मिड ऑन पर कप्तान हैरी ब्रूक ने सैमसन का आसान कैच छोड़ा और इस बल्लेबाज ने ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़ दिया।
सैमसन का लगातार दूसरा अर्धशतक
अभिषेक शर्मा (09) ने भी स्पिनर विल जैक्स पर दो चौके मारे लेकिन फिर उनकी गेंद को हवा में लहराकर डीप मिडविकेट पर फिल सॉल्ट को आसान कैच दे बैठे। ईशान किशन ने भी जेमी ओवरटन पर लगातार दो चौके मारे जबकि सैमसन ने सैम कुरेन के साथ ऐसा किया। सैमसन ने लेग स्पिनर आदिल राशिद का स्वागत चौके के साथ किया और फिर बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन पर छक्के के साथ सिर्फ 26 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। इशान ने भी डॉसन पर छक्का मारा।
सैमसन और ईशान ने अगले ओवर में कुरेन पर भी छक्के मारे जिससे नौवें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा हुआ। ईशान हालांकि इसके बाद राशिद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में लहराकर लॉन्ग ऑफ पर जैक्स को कैच दे बैठे। उन्होंने 18 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के जड़े।
शिवम दुबे ने आते ही राशिद पर दो छक्के मारे। सैमसन ने भी आर्चर पर दो छक्के मारे लेकिन इसके बाद जैक्स की गेंद पर सॉल्ट को कैच दे बैठे। कप्तान सूर्यकुमार यादव (11) ने राशिद पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर स्टंप हो गए। हार्दिक पंड्या ने ओवरटन पर तीन चौकों के साथ 17वें ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।
दुबे ने कुरेन पर छक्का जड़ा लेकिन इसके बाद पंड्या के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए। तिलक वर्मा (21) ने 19वें ओवर में आर्चर पर तीन छक्के मारे लेकिन फिर बोल्ड हो गए। पांड्या ने अंतिम ओवर में दो छक्के जड़कर टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया लेकिन फिर रन आउट हो गए।
आखिरी 5 ओवर का रोमांच
शिवम दुबे ने 16वें ओवर की पहली ही गेंद पर आदिल रशीद को छक्का जड़ा। तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार ने छक्का लगाया। हालांकि चौथी गेंद पर वह स्टंप आउट हो गए। भार तने 17वें ओवर में 200 के आंकड़े को पार कर लिया है। जेमी ओवर्टन के इस ओवर में 15 रन बने। शिवम दुबे 25 गेंद में 43 रन बनाकर रन आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने कॉल करने के बाद रन नहीं लिया। 18वें ओवर में सैम करन ने 12 रन दिए। तिलक वर्मा ने 19वें ओवर में जोफ्रा आर्चर के खिलाफ तीन छक्के जड़े और 7 गेंद में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
संजू सैमसन शतक से चूके
भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन सेमीफाइनल में सिर्फ 11 रन से शतक बनाने से चूक गए। संजू ने 42 गेंद में 89 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने 8 चौके और सात छक्के लगाए। 14वें ओवर में भारत ने 6 रन बनाए। 15वें ओवर में सैम करन ने 10 रन दिए।
शिवम दुबे और संजू क्रीज पर मौजूद
11वें ओवर में जेमी ओवर्टन के ओवर की पहली ही गेंद पर संजू ने छक्का जड़ा। इसके बाद इस ओवर में बाउंड्री नहीं आई लेकिन 11 रन बने। 12 ओवर में आदिल की भी पहली गेंद पर छक्का लगा। इस बार शिवम ने बड़ा शॉट लगाया। इस ओवर में 15 रन बने। 13वें ओवर में जोफ्रा आर्चर को फिर विकेट नहीं मिला लेकिन संजू ने लगातार गेंदों पर छक्के जड़े। इस ओवर में भी 15 रन बने।
ईशान किशन और संजू सैमसन के बीच 97 रन की साझेदारी
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में ईशान किशन और संजू सैमसन के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 97 रन की साझेदारी हुई। ईशान किशन ने 18 गेंद में 39 रन और संजू ने 27 गेंद में 55 रन का योगदान दिया।
संजू सैमसन ने लगाया अर्धशतक
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने लगाातर मैचों में अर्धशतक लगाया है। आठवें ओवर में उन्होंने 50 रन पूरे किए। सातवें ओवर में भारत ने आदिल रशीद के ओवर में 6 रन बटोरे। नौवें ओवर में सैम करने के खिलाफ ईशान-संजू ने छक्का लगाया। इस ओवर में 20 रन बने। 10वें ओवर में आदिल रशीद ने भी रन दिए। हालांकि उन्होंने ईशान किशन का विकेट चटकाया।
पावरप्ले में भारत का प्रदर्शन
इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने पहला ओवर डाला, जिसमें तीसरी गेंद पर संजू ने चौका और चौथी गेंद पर छक्का जड़ा। अभिषेक ने आखिरी गेंद पर खाता खोला। इस ओवर में 12 रन बने। दूसरे ओवर में विल जैक्स के खिलाफ अभिषेक ने दो चौका लगाया। हालांकि अंतिम गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में अभिषेक कैच आउट हुए। तीसरे ओवर में संजू ने जोफ्रा आर्चर के खिलाफ 14 रन बटोरे। चौथे ओवर में विल जैक्स ने 11 रन दिए। ओवर्टन ने पांचवें ओवर में 10 रन खर्च किए। छठे ओवर में सैम करन भी महंगे साबित हुए। उन्होंने 12 रन दिए।
भारत-इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
IND vs ENG Live Score: जोफ्रा आर्चर ने पहले ओवर में दिए 12 रन
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पहले ओवर में 12 रन लुटाए हैं। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने तीसरी और चौथी गेंद पर बाउंड्री बटोरी। अभिषेक ने भी खाता खोल लिया है।
IND vs ENG Live Score: संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा मैदान पर
IND vs ENG Live Score: संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा भारत की पारी की शुरुआत के लिए क्रीज पर पहुंच गए हैं। अभिषेक शर्मा खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जबकि संजू ने पिछले मैच में अर्धशतकीय पारी खेली है।
IND vs ENG Live Score: बैटिंग ही करना चाहते थे सूर्यकुमार यादव
IND vs ENG Live Score: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। सेमीफाइनल, बड़ा गेम, और हवा भी चल रही है। मुझे नहीं लगता कि ज्यादा ओस होगी। पिच अच्छी लग रही है। हमने एक अलग तरीके की क्रिकेट खेली है, आज भी कुछ वैसा करने का ही प्रयास रहेगा। टीम में कोई बदलाव नहीं है।
IND vs ENG Live Score: टॉस पर हैरी ब्रूक ने क्या कहा
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस के बाद ब्रूक ने कहा विकेट अच्छा लग रहा है, उम्मीद है कि हम गेंद से अच्छी शुरुआत कर पाएंगे। टीम में एक बदलाव है रेहान की जगह जेमी ओवरटन एकादश में आये है।
IND vs ENG Live Score: भारत प्लेइंग इलेवन
IND vs ENG Live Score: भारत (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड (प्लेइंग XI): फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड ने जीता टॉस
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
IND vs ENG Live Score: कुछ देर में होगा टॉस
IND vs ENG Live Score: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल के लिए टॉस कुछ देर में होने वाला है। इस मैच में भी टॉस काफी बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली है।
IND vs ENG Live Score: हैरी ब्रूक-सूर्यकुमार पर रहेंगी नजरें
IND vs ENG Live Score: भारत के लिए स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने टी20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। सूर्यकुमार ने 7 मैचों में 231 रन बनाए हैं। वहीं इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक ने सर्वाधिक रन बनाए हैं। हैरी ने सात मैचों में 228 रन ठोके हैं। इन दोनों बल्लेबाजों पर सबकी नजरें रहेंगी।
IND vs ENG Live Score: भारत-इंग्लैंड हे-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और इंग्लैंड ने अभी त क आपस में 20 टी20 इंटरनेसनल मैच खेले हैं। इस दौरान भारत का पलड़ा भारी रहा। भारत ने जहां 19 मैचों में जीत हासिल की वहीं इंग्लैंड ने 12 मुकाबलों मं बाजी मारी। दोनों का टी20 वर्ल्ड कप में पांच बार आमना-सामना हुआ, जिसमें भारत ने तीन और इंग्लैंड ने दो बार विजयी परचम फहराया।
IND vs ENG Live Score: संजू सैमसन ने भारत को दिलाई नई उम्मीद
IND vs ENG Live Score: भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज संजू सैमसन पिछले कुछ समय से टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उनकी फॉर्म भी खराब हो गई थी और उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे, हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर फैंस को खुश होने का मौका दिया है। संजू को ग्रुप स्टेज में नामीबिया के खिलाफ खेलने का मौका मिला था, जहां उन्होंने 8 गेंद में 22 रन बनाए। सुपर-8 में उन्होंने 15 गेंद में 24 रन की पारी खेली।
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड का टी20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन
IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की टीम जारी टी20 विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं। हालांकि कई मैचों में टीम को जीत हासिल करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था लेकिन सुपर-8 चरण में टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीते हैं, ऐसे में टीम इंडिया इंग्लैंड की टीम को हल्के में लेने की गलती नहीं कर सकती।
IND vs ENG Live Score: भारत ने टूर्नामेंट में जीते हैं 6 मुकाबले
IND vs ENG Live Score: भारतीय टीम ने जारी टी20 विश्व कप 2026 में अभी तक सात मुकाबले खेले हैं और 6 में जीत हासिल की है। टीम ने सिर्फ एक मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गंवाया है। हालांकि भारतीय टीम इस मुकाबले में इंग्लैंड पर भारी नजर आ रही है।
IND vs ENG Live Score: वानखेड़े में पिछली बार भारत ने मारी थी बाजी
IND vs ENG Live Score: भारतीय टीम ने वानखेड़े स्टेडियम में पिछली बार टी20 इंटरनेशनल मैच में इंग्लैंड को 150 रनों से करारी शिकस्त दी थी। इस मैच में अभिषेक शर्मा ने 54 गेंद में 135 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी, जिसकी बदौलत 20 ओवर में भारत ने 9 विकेट खोकर 247 रन बनाए थे, इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 97 रन ही बना सकी थी।
IND vs ENG Live Score: टॉस की भूमिका रहेगी अहम
IND vs ENG Live Score: सेमीफाइनल में भारतीय टीम उम्मीद करेगी कि इंग्लैंड के खिलाफ उसे लक्ष्य का पीछा करने को मिले। इसकी वजह ये है कि इंग्लैंड ने मुश्किल लक्ष्यों का भी सफलता से पीछा करने की काबिलियत रखती है। उसने पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार इस तरह का प्रदर्शन किया। ऐसे में टॉस की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
IND vs ENG Live Score: तीसरी बार सेमीफाइनल में भिड़ेंगे भारत-इंग्लैंड
IND vs ENG Live Score: टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत और इंग्लैंड की टीमें तीसरी बार सेमीफाइनल में भिड़ने जा रही हैं। इससे पहले 2022 और 2024 में भी दोनों टीमें सेमीफाइनल में आपस में भिड़ चुकी हैं। संयोग से दोनों टीमों के बीच इससे पहले हुए दोनों सेमीफाइनल में जिस भी टीम ने जीत हासिल की, उसने फाइनल भी फतह किया। 2022 में इंग्लैंड ने भारत को सेमीफाइनल में हराया था और बाद में पाकिस्तान को फाइनल में हराकर विश्व कप पर कब्जा किया था। उसके अगले ही विश्व कप में भारत और इंग्लैंड एक बार फिर सेमीफाइनल में आमने-सामने थे। तब भारत ने इंग्लैंड को हराया और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को शिकस्त देकर विश्व कप अपने नाम किया था। इस बार ये देखना भी दिलचस्प रहेगा कि भारत बनाम इंग्लैंड के सेमीफाइनल की विजेता टीम के विश्व कप जीतने का ट्रेंड बरकरार रहता है या नहीं।
IND vs ENG Live Score: भारतीय गेंदबाजी कोच को ओस की चिंता
IND vs ENG Live Score:मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप सेमीफाइनल के लिए तैयार है। भारत को घरेलू परिस्थितियों का लाभ मिलने की संभावना है। इस बीच भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्केल ने वानखेड़े की पिच को लेकर अपना आंकलन बताया है। उन्होंने कहा कि पिच पर अतिरिक्त उछाल हो सकती है। इसके साथ ही मोर्कल ने ओस को एक बड़ी चिंता करार दिया। ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम हो सकती है।
IND vs ENG Live Score: भारत-इंग्लैंड में से कोई एक रचेगा इतिहास
IND vs ENG Live Score: भारत और इंग्लैंड में से जो टीम आज फाइनल में पहुंचेगी वह इतिहास रचेगी। वह खिताबी मुकाबले के लिए क्वालीफाई करने के साथ सबसे ज्यादा फाइनल खेलने वाली टीम बन जाएगी। भारत-इंग्लैंड ने अभी तक 3-3 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेले हैं।
IND vs ENG Live Score: कैसा रहेगा पिच का मिजाज
IND vs ENG Live Score: पिच पर हल्की घास है, लेकिन मोर्ने मोर्कल को उम्मीद है कि मैच हाई-स्कोरिंग होगा। इसी विरोधी टीम के खिलाफ, इसी जगह पर, अभिषेक शर्मा ने एक साल पहले शानदार सेंचुरी बनाई थी। भारत अपने ओपनर से भी ऐसे ही धमाके की उम्मीद करेगा।
IND vs ENG Live Score: भारत की संभावित XI
IND vs ENG Live Score: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती
IND vs ENG Live Score: भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा सेमीफाइनल
IND vs ENG Live Score: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया है और फाइनल में प्रवेश किया।