तिलक की जगह संजू सैमसन को लाना चाहिए? अभिषेक नायर ने बताई टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन की वजह
अभिषेक नायर का मानना है कि संजू सैमसन को लाने के लिए टीम संयोजन में बदलाव नहीं करना चाहिए। उन्होंने सलाह दी है कि अगर सैमसन को लाना है तो उन्हें टॉप ऑर्डर में लाना होगा।

भारतीय टीम का हालिया टी20 फॉर्मेट में रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। टीम ने आयरलैंड के बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी लगाातर दो मैच गंवाए हैं। टीम में पिछले कुछ समय में काफी बदलाव हुए हैं लेकिन नए खिलाड़ियों के आने के बाद टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मुकाबले में संजू सैमसन को ड्रॉप कर दिया गया और वैभव सूर्यवंशी को उनकी जगह मौका दिया गया। हालांकि ये फैसला भी अभी तक कुछ खास सही नहीं रहा है क्योंकि वैभव दो मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच ने टीम मैनेजमेंट को चेताया है कि सिर्फ संजू सैमसन को टीम में वापस लाने के चक्कर में कॉम्बिनेशन के साथ खिलवाड़ न करें। उन्होंने ये भी कहा कि संजू की अगर जगह टॉप-3 में बन रही हो तो तभी उन्हें वापस बुलाया जाए। मिडिल ऑर्डर में उनकी वापसी से अच्छे नतीजे नहीं मिल सकते।
नायर का कमेंट एक ब्रॉडकास्टर के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत को तिलक वर्मा को प्लेइंग इलेवन से बाहर करके मध्यक्रम में सैमसन को जगह देनी चाहिए। नायर ने कहा, ''मुझे वास्तव में लगता है कि अगर आपको संजू सैमसन को टीम में वापस लाना है, तो आपको उन्हें ऐसी स्थिति में रखना होगा जहां वह सफल हो सकें। बस इसलिए कि उसे शामिल करना है, उसे नंबर 4, 5 या 6 पर भेज देना, ये कोई अच्छा आइडिया नहीं है। उसने इस नंबर पर ज्यादा नहीं खेला है और सफल भी नहीं रहा है।''
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, "टीम को इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए। गौतम गंभीर ने ठीक कहा कि उन्होंने बल्लेबाजी पहले करते हुए 190 रन बनाए, लेकिन चेजिंग में वे संघर्ष कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने परिस्थितियों को ठीक से समझा नहीं है और सही गति नहीं पकड़ पाए हैं। आप घबराहट में कोई फैसला नहीं लेना चाहेंगे। आप सिर्फ बदलाव करने के लिए बदलाव नहीं करना चाहते। यदि संजू सैमसन को टीम में आना है तो प्रबंधन को बस इतना ही करना है, उन्हें ऐसी जगह पर रखें जहां वे सफल हो सकें।''
उन्होंने आगे कहा, ''संजू सैमसन सबसे अच्छा प्रदर्शन तब करता है जब वह ओपनिंग करता है या टॉप-3 में बल्लेबाजी करता है। इसलिए यदि आप उन्हें वह स्थान नहीं दे रहे हैं, तो मुझे लगता है कि बेहतर है कि आप संजू सैमसन को न खिलाएं और इसके बजाय भारत की जो मौजूदा बल्लेबाजी लाइन-अप है, उसी के साथ बने रहें।'' हाल ही में टीम के उपकप्तान बनाए गए तिलक वर्मा भी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। तिलक ने एक बार 45 गेंद में 56 रन बनाए थे, इसके बाद वह किसी भी पारी में 20 से ऊपर रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं। तीसरे टी20 मैच में वह 11 गेंद में तीन रन बनाकर आउट हुए।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



