भारतीय ODI टीम में बदलाव, मिल गया वाशिंगटन सुंदर का रिप्लेसमेंट, गेंद और बल्ले से मचाएगा धमाल
Washington Sundar replacement: BCCI ने भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे वनडे मैच के लिए वाशिंगटन के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। वाशिंगटन सुंदर की जगह अब आखिरी वनडे मैच के लिए हर्ष दुबे टीम का हिस्सा होंगे।

Washington Sundar replacement: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने दूसरे वनडे में चोटिल हुए हरफनमौला खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। अब उनकी जगह तीसरे वनडे मैच में जो लॉर्ड्स में खेला जाना है युवा हर्ष दुबे नजर आएंगे। हर्ष दुबे भी ऑलराउंडर प्लेयर हैं। वे स्पिन गेंदबाजी और अच्छी बल्लेबाजी करते हैं। उन्हें हाल ही में जून महीने में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में डेब्यू करने का मौका मिला था।
वाशिंगटन सुंदर की जगह हर्ष दुबे की एंट्री
18 जुलाई 2026, शनिवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी मीडिया एडवाइजरी के अनुसार, पुरुष चयन समिति ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच के लिए वाशिंगटन सुंदर के स्थान पर हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया है। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान वाशिंगटन को दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई, जिसके चलते उन्हें सीरीज के बाकी मैचों से बाहर कर दिया गया है। उनकी जांच की जाएगी और चोट के आगे के इलाज के लिए वे विशेषज्ञ की राय लेंगे।
तीसरे वनडे के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड
तीसरे वनडे के लिए भारत की अपडेटेड टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, हर्ष दुबे।
पहला मैच जिताने में थी वाशिंगटन सुंदर की अहम भूमिका
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज के दो मैच खेले जा चुके हैं। पहला मैच जो एजबेस्टन बर्मिंघम में खेला गया था उसमें भारत ने इंग्लैंड को 6 विकेट से शिकस्त दी थी। इसके बाद कार्डिफ में खेले गए दूसरे मुकाबलें में इंग्लैंड ने भारत 4 विकेट से हराकर सीरीज को 1-1 से बराबरी पर कर दिया। इस सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को जीत दिलाने में वाशिंगटन सुंदर की अहम भूमिका थी। अक्षर पटेल के साथ सुंदर ने भी अर्धशतकीय पारी खेली थी और विराट कोहली रोहित शर्मा के आउट हो जाने के बाद भी भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वाशिंगटन सुंदर को एक बेहतर बल्लेबाज और एक अच्छे गेंदबाज के रूप में भारतीय टीम ऑलराउंडर्स की भूमिका में लंबे समय के लिए देख रही है, लेकिन फिलहाल, वे चोट के कारण बाहर हैं और उनकी जगह तीसरे और आखिरी वनडे मैच में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर हर्ष दुबे अपनी प्रतिभा का परिचय देते नजर आ सकते हैं।
तीसरे वनडे के लिए इंग्लैंड टीम का स्क्वॉड
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद, ब्रायडन कार्स, टॉम बैंटन (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, रेहान अहमद और जॉश टंग, लियाम डॉसन।



