रोहित शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय नहीं..., तीसरे ODI से पहले कोच का आया बड़ा बयान, मोर्ने मोर्कल बोले…

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे वनडे मैच से पहले पत्रकारों से बात करते हुए गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा है कि रोहित शर्मा की फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय नहीं है। इस बयान से फैंस को सुकून मिला है। पूरा पढ़िए उन्होंने क्या- क्या कहा।

rohit sharma ind vs eng lords 3rd odi

रविवार, 19 जुलाई को भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मैच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच के लिए चारों तरफ जिस एक खिलाड़ी की चर्चा हो रही है उसका नाम रोहित शर्मा है। बीते दिनों से कई खबरें सामने आईं कि लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर रोहित शर्मा अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल सकते हैं, क्योंकि चयनकर्ताओं ने उन्हें बता दिया है कि 2027 वनडे विश्व कप के प्लान का हिस्सा आप नहीं हैं। खबरों के मुताबिक, रोहित को बताया गया है कि चयन समिति यशस्वी जायसवाल को तैयार करना चाहती है, इसलिए अब उनका समय खत्म हो गया है। ये खबरें उसी दिन सामने आईं जब कार्डिफ में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा था, जिसमें रोहित को टाइमिंग की कमी महसूस हुई। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 47 गेंदों में सिर्फ 26 रन बनाए और जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन के सामने पूरी तरह से बेबस नजर आए। 39 वर्षीय रोहित हाल ही में संघर्ष कर रहे हैं और रन उतनी तेजी से नहीं बन रहे हैं जितनी वे चाहते हैं। यहां तक ​​कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में भी रोहित ने सिर्फ 11 रन बनाए थे।

रोहित की फॉर्म चिंता का विषय नहीं

हालांकि, पहले तो बीसीसीआई ने रोहित शर्मा के रिटायरमेंट वाली अफवाहों पर स्पष्टीकरण देते हुए विराम लगाया, उसके बाद तीसरे मैच की पूर्व संध्या पर भारतीय गेंदबाजी कोच ने भी रोहित को लेकर सकारात्मक बात की है और उनकी फॉर्म को चिंता का विषय नहीं माना है। शनिवार को भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने रोहित शर्मा का समर्थन करते हुए कहा कि अनुभवी बल्लेबाज को मैच का रुख बदलना आता है। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में नई गेंद के सामने बल्लेबाजी करना आसान नहीं रहा है। मोर्केल ने शनिवार को मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा- “जैसा कि मैंने पहले कहा, नई गेंद से शुरुआत करना काफी मुश्किल होता है। हमने पूरी सीरीज में देखा है कि गेंद स्विंग हो रही है। इसलिए शुरुआत में बल्लेबाजी करना आसान नहीं है। इसमें कोई शक नहीं कि रोहित इसका हल निकाल लेंगे।” उन्होंने आगे कहा, "रोहित ने अतीत में ऐसा किया है, उनका अनुभव इसमें सहायक है। और वे बल्लेबाजी क्रम में एक तरह की शांति लाते हैं। इसलिए निःसंदेह, उनके काम करने के तरीके को लेकर कोई चिंता या परेशानी नहीं है।"

बीसीसीआई ने दिया था स्पष्टीकरण

इससे पहले शुक्रवार रात को बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद रोहित के संन्यास लेने की सभी खबरों को खारिज करते हुए स्थिति पर स्पष्टीकरण दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए सैकिया ने कहा कि जब तक चयनकर्ताओं की योजना में रोहित का स्थान रहेगा, वे खेलते रहेंगे। सैकिया ने कहा “रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर मीडिया में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। मैं यह बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है कि रोहित रविवार को लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे।” बीसीसीआई सचिव ने आगे कहा, “रोहित भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और जब तक वह टीम का हिस्सा हैं, तब तक देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो, लॉर्ड्स में खेला गया वनडे उनका आखिरी मैच नहीं होगा।”

Vimlesh Kumar Bhurtiya

लेखक के बारे में

Vimlesh Kumar Bhurtiya

विमलेश कुमार भुर्तिया (Vimlesh Kumar Bhurtiya): खेल पत्रकार

संक्षिप्त विवरण
विमलेश कुमार भुर्तिया पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।

विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: विमलेश कुमार भुर्तिया भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक उभरता हुआ नाम हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले चार वर्षों से वह इसी संस्थान से जुड़े हुए हैं और डिजिटल मीडिया की गतिशीलता, कार्यशैली और प्रकृति को समझने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि पाठक किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म की रीढ़ होता है ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए खबरों का प्रकाशन होना चाहिए। यह पत्रकारिता को जीवंत रखता है और जर्नलिज्म का मूल गुण भी यही है।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि
विमलेश ने भारत के सबसे प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थान से अपनी शिक्षा ग्रहण की है। वे 2021-22 बैच के भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली के छात्र रहे हैं। उन्होंने इस नामी संस्थान से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है। इसके बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में ही मास्टर्स यानी (M.A) की डिग्री भी हासिल की है। इन्होंने अपना ग्रेजुएशन मध्य प्रदेश के नामचीन साइंस कॉलेजों में से एक होलकर साइंस कॉलेज से किया है। ग्रेजुएशन के दूसरे साल से ही विमलेश की दिलचस्पी साहित्य और पत्रकारिता की ओर जागृत होने लगी थी। यही कारण था कि ग्रेजुएशन के दिनों में ही उन्होंने दैनिक चैतन्यलोक नामक इंदौर की क्षेत्रीय पत्रिका में काम करना शुरू कर दिया। कुछ महीनों बाद उन्होंने दैनिक भास्कर में बतौर कॉपी एडिटर ट्रेनिंग ली। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग से मास मीडिया में इंटर्नशिप की। विमलेश कुमार भुर्तिया को कंप्यूटर का भी अच्छा ज्ञान है। उन्होंने भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा किया है।

खेल पत्रकारिता और पत्रकारिता का उद्देश्य
विमलेश खेल से जुड़ी तमाम तरह की स्टोरीज पाठकों तक पहुंचाते हैं, जिनमें तथ्यों की स्पष्टता होती है और सकारात्मक विश्लेषण भी शामिल होता है। ये क्रिकेट की दुनिया का अच्छा ज्ञान रखते हैं और राजनीति में गहरी दिलचस्पी है। राजनीति और क्रिकेट में घट रही घटनाओं का विश्लेषण करना उनकी तह तक जाना विमलेश को पसंद है। उनका मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी तथ्यपरकता (Fact-checking) है। चाहे वह चकाचौंध से भरा क्रिकेट जगत हो या अन्य खेल और खिलाड़ियों का जीवन। बतौर खेल पत्रकार यह कसौटी हर वक्त बनी रहनी चाहिए कि लेखन हमेशा प्रमाणिक हो। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचित करना है, बल्कि उन्हें सही और सुरक्षित जानकारी के माध्यम से सशक्त बनाना भी है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सूचना, शिक्षा और मनोरंजन होता है और इन्हीं उद्देश्यों को पूरा करना एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।