वानखेड़े में भारत के पास इंग्लैंड से 39 साल पुराना बदला लेने का सुनहरा मौका, लेकिन आंकड़े कर रहे निराश
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने हैं। यह मुकाबला केवल फाइनल में पहुंचने की जंग नहीं है, बल्कि भारतीय टीम के पास इसी मैदान पर इंग्लैंड से 39 साल पुराना हिसाब चुकता करने का एक शानदार मौका भी है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने हैं। यह मुकाबला केवल फाइनल में पहुंचने की जंग नहीं है, बल्कि भारतीय टीम के पास इसी मैदान पर इंग्लैंड से 39 साल पुराना हिसाब चुकता करने का एक शानदार मौका भी है। साल 1987 के बाद पहली बार ये दोनों टीमें वानखेड़े में किसी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टकरा रही हैं। इतिहास गवाह है कि यह मैदान भारतीय टीम के लिए आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में बहुत ज्यादा सुखद नहीं रहा है, लेकिन घरेलू परिस्थितियों और प्रशंसकों के जबरदस्त समर्थन के चलते इस बार टीम इंडिया से हिसाब चुकता करने और फाइनल में प्रवेश करने की उम्मीद की जा रही है।
यदि इतिहास के पन्नों को पलटें, तो 1987 के वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की यादें आज भी भारतीय प्रशंसकों को चुभती हैं। उस मैच में इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज ग्राहम गूच ने 115 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसकी मदद से इंग्लैंड ने 254 रन बनाए थे। जवाब में मोहम्मद अजहरुद्दीन के 64 रनों के बावजूद पूरी भारतीय टीम महज 219 रनों पर ढेर हो गई थी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। आंकड़ों की बात करें तो वानखेड़े में भारत ने अब तक खेले तीन आईसीसी नॉकआउट मैचों में से दो गंवाए हैं, जिसमें 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली जीत ही एकमात्र सुखद अपवाद रही है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम पर इस बार इतिहास को बदलने का दबाव और मौका एक साथ है।
वर्तमान टूर्नामेंट में भारतीय टीम के प्रदर्शन का विश्लेषण करें, तो टीम इंडिया अब तक एक टीम यूनिट के बजाय इंडिविजुअल परफॉर्मेंसेस के दम पर यहां तक पहुंची है। अलग-अलग मैचों में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों ने अपनी चमक दिखाई है, लेकिन टीम का एकजुट प्रदर्शन जिम्बाब्वे वाले मैच को छोड़ दिया जाए तो अभी भी उस स्तर का नहीं रहा है जिसकी उम्मीद की जाती है। टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय उनकी खराब फील्डिंग रही है, जहां टूर्नामेंट के दौरान कई आसान कैच छोड़े गए हैं। इसके अलावा, सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म में निरंतरता की कमी और कप्तान सूर्या का पहले मैच के बाद लय से भटकना भी भारत के लिए चुनौती बना हुआ है।
हालांकि, इन चुनौतियों के बीच भारत के पास घरेलू परिस्थितियों का फायदा है। टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी जैसे सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे वानखेड़े को अपना घर मानते हैं, क्योंकि वे यहां मुंबई या आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए लंबे समय से खेल रहे हैं। आंकड़ों के लिहाज से भी इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी है। टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत का इंग्लैंड पर 17-12 का रिकॉर्ड है और घरेलू जमीन पर यह बढ़त 10-6 की हो जाती है। अब देखना यह है कि क्या जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी और भारतीय बल्लेबाजी की गहराई इंग्लैंड की चुनौती को पार कर 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल का टिकट कटा पाएगी या 1987 की कहानी रिपीट होगी।
लेखक के बारे में
Vimlesh Kumar Bhurtiyaविमलेश कुमार भुर्तिया (Vimlesh Kumar Bhurtiya): खेल पत्रकार
संक्षिप्त विवरण
विमलेश कुमार भुर्तिया पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: विमलेश कुमार भुर्तिया भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक उभरता हुआ नाम हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले चार वर्षों से वह इसी संस्थान से जुड़े हुए हैं और डिजिटल मीडिया की गतिशीलता, कार्यशैली और प्रकृति को समझने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि पाठक किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म की रीढ़ होता है ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए खबरों का प्रकाशन होना चाहिए। यह पत्रकारिता को जीवंत रखता है और जर्नलिज्म का मूल गुण भी यही है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
विमलेश ने भारत के सबसे प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थान से अपनी शिक्षा ग्रहण की है। वे 2021-22 बैच के भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली के छात्र रहे हैं। उन्होंने इस नामी संस्थान से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है। इसके बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में ही मास्टर्स यानी (M.A) की डिग्री भी हासिल की है। इन्होंने अपना ग्रेजुएशन मध्य प्रदेश के नामचीन साइंस कॉलेजों में से एक होलकर साइंस कॉलेज से किया है। ग्रेजुएशन के दूसरे साल से ही विमलेश की दिलचस्पी साहित्य और पत्रकारिता की ओर जागृत होने लगी थी। यही कारण था कि ग्रेजुएशन के दिनों में ही उन्होंने दैनिक चैतन्यलोक नामक इंदौर की क्षेत्रीय पत्रिका में काम करना शुरू कर दिया। कुछ महीनों बाद उन्होंने दैनिक भास्कर में बतौर कॉपी एडिटर ट्रेनिंग ली। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग से मास मीडिया में इंटर्नशिप की। विमलेश कुमार भुर्तिया को कंप्यूटर का भी अच्छा ज्ञान है। उन्होंने भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा किया है।
खेल पत्रकारिता और पत्रकारिता का उद्देश्य
विमलेश खेल से जुड़ी तमाम तरह की स्टोरीज पाठकों तक पहुंचाते हैं, जिनमें तथ्यों की स्पष्टता होती है और सकारात्मक विश्लेषण भी शामिल होता है। ये क्रिकेट की दुनिया का अच्छा ज्ञान रखते हैं और राजनीति में गहरी दिलचस्पी है। राजनीति और क्रिकेट में घट रही घटनाओं का विश्लेषण करना उनकी तह तक जाना विमलेश को पसंद है। उनका मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी तथ्यपरकता (Fact-checking) है। चाहे वह चकाचौंध से भरा क्रिकेट जगत हो या अन्य खेल और खिलाड़ियों का जीवन। बतौर खेल पत्रकार यह कसौटी हर वक्त बनी रहनी चाहिए कि लेखन हमेशा प्रमाणिक हो। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचित करना है, बल्कि उन्हें सही और सुरक्षित जानकारी के माध्यम से सशक्त बनाना भी है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सूचना, शिक्षा और मनोरंजन होता है और इन्हीं उद्देश्यों को पूरा करना एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।



