शुभमन गिल ने बढ़ाई टेंशन, भारतीय टीम कर रही ये दुआ; क्या रोहित शर्मा को मिल गई चेतावनी?
इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। दूसरा वनडे गुरुवार को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में होगा। हालांकि, कप्तान शुभमन गिल ने भारतीय टीम की टेंशन बढ़ा रखी है।

पहले मैच में जीत से उत्साहित भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को कार्डिफ में होने वाले दूसरा वनडे मैच खेलने के लिए उतरेगी तो कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म पर सभी का ध्यान केंद्रित रहेगा। गिल ने बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में भारत की छह विकेट से जीत में 80 रन बनाए थे, लेकिन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें 'रिटायर्ड हर्ट' होकर मैदान छोड़ना पड़ा था। भारत उनके जल्द से जल्द फिट होने की उम्मीद कर रहा होगा। पिछले कुछ समय में यह पहला अवसर नहीं है जबकि गिल को फिटनेस संबंधी समस्या के कारण मैदान छोड़ना पड़ा।
भारतीय टीम कर रही होगी ये दुआ
पिछले साल कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान गिल मैदान से बाहर चले गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। तब वह उस सीरीज के बाकी मैच में नहीं खेल पाए थे। भारतीय टीम दुआ कर रही होगी कि फिर से ऐसा नहीं हो क्योंकि एक कप्तान और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के रूप में टीम को उनकी सख्त जरूरत है। गिल के सलामी जोड़ीदार रोहित शर्मा को ऐसी कोई फिटनेस समस्या नहीं है, लेकिन टीम प्रबंधन उनके प्रदर्शन पर जरूर नजर रखेगा। रोहित ने कप्तानी गंवाने के बाद अपने आक्रामक रवैए पर अंकुश लगाया लेकिन उन्हें अभी तक इससे खास फायदा नहीं हुआ है। रोहित ने पिछले साल अक्टूबर से 13 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतकों की मदद से 46.91 के औसत से 563 रन बनाए हैं। यह कोई मामूली रिकॉर्ड नहीं है। लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम के मौजूदा हालात ने रोहित के लिए लगभग हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करना अनिवार्य बना दिया है।
क्या रोहित शर्मा को मिल गई चेतानी?
अभी यह सोचना कल्पना से परे होगा कि रोहित अगले कुछ मैचों में असफल रहने पर 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की दौड़ से बाहर हो जाएंगे। लेकिन जिस तरह से हाल में टीम प्रबंधन ने सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन को खराब प्रदर्शन के कारण टीम से बाहर किया, वह 39 वर्षीय रोहित के लिए चेतावनी हो सकती है। रोहित अब इस स्थिति में हैं कि वह किसी भी चीज को भाग्य के सहारे नहीं छोड़ सकते हैं क्योंकि भारत के शीर्ष क्रम में ईशान किशन के रूप में विकल्प मौजूद है। रोहित के विपरीत एक अन्य सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली फिटनेस और आंकड़ों दोनों के मामले में बेहतर स्थिति में हैं। कोहली ने पिछले साल अक्टूबर से 10 मैचों में 77.62 के औसत से 621 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल हैं। वह भी रोहित की तरह पहले मैच में नहीं चल पाए लेकिन टीम में उनके स्थान पर किसी तरह का खतरा नजर नहीं आ रहा है।
क्या कार्डिफ में अर्शदीप सिंह खेलेंगे?
भारत के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार 50 ओवर के प्रारूप में वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इस साल आईपीएल के दौरान बुमराह को लय हासिल करने और विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ा था, लेकिन अब लगता है कि उन्होंने अपनी पुरानी फॉर्म वापस पा ली है। इसी तरह ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर की फॉर्म में वापसी से भी टीम प्रबंधन बेहद खुश होगा। पिछले मैच में जीत के बाद गिल ने संकेत दिए थे कि टीम प्रबंधन परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग संयोजन आजमाएगा। सोफिया गार्डन्स की पिच में अक्सर अच्छी उछाल और गति होती है, जिससे तेज गेंदबाजों को मौका मिलता है। ऐसे में भारत गुरनूर बराड़ की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल कर सकता है।
कितने बजे शुरू होगा दूसरा वनडे मैच?
बराड़ ने पहले मैच में बेन डकेट और जैकब बेथेल के विकेट लिए लेकिन उन्होंने नौ ओवर में 61 रन लुटा दिए। इसलिए अगर टीम प्रबंधन अनुभव को तवज्जो देता है तो अर्शदीप को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। इसका मतलब यह भी है कि बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को फिर से बाहर बैठना होगा। शिवम दुबे और वॉशिंगटन दोनों ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था और उन्हें एक और मौका मिलना चाहिए। जहां तक इंग्लैंड की बात है तो वह शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगा। अगर उसे 2025 से 19 वनडे मैचों में से 13 में हार का सिलसिला तोड़ना है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इंग्लैंड का कार्डिफ में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उसने यहां खेले गए 17 मैचों में से 10 में जीत हासिल की है, जबकि केवल तीन में हार का सामना किया है। मैच भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगा।
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, जेम्स कोल्स, सैम कुरेन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोस टंग, साकिब महमूद, आदिल राशिद।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



