
लगातार 5वां मैच जीतकर एशिया कप फाइनल में भारत की धाकड़ एंट्री, बांग्लादेश को 41 रनों से धोया
भारतीय टीम ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश को हराकर एशिया कप 2025 में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना पाकिस्तान या बांग्लादेश से होगा।
भारतीय टीम ने बुधवार को एशिया कप सुपर 4 मैच में बांग्लादेश को 41 रन से हराया और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम की टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत है। भारत ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए, इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और तीन गेंद शेष रहते मुकाबला गंवाया। बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 127 रन ही बना सकी। भारत ने जारी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा कैच (12) गंवाए हैं। बांग्लादेश के लिए मैच में सर्वाधिक रन (69) बनाने वाले सैफ हसन को भारत ने चार जीवनदान दिए। इससे पहले भारत ने एशिया कप में यूएई, पाकिस्तान और ओमान को हराया था।
भारतीय स्पिनरों के आगे घुटने टेके
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और बुमराह ने दूसरे ही ओवर में तंजिद हसन (एक) को आउटकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद परवेज हुसैन इमॉन ने सैफ हसन के साथ दूसरे विकेट लिए 42 रन जोड़े। सातवें ओवर में कुलदीप यादव ने परवेज हुसैन इमॉन (21) को आउटकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद भारतीय स्पिन गेंदबाजी आक्रमण के आगे बंगलादेशी बल्लेबाज नतमस्तक नजर आये और एक के बाद अपने विकेट गंवाते चले गये। 10वें ओवरमें अक्षर पटेल ने मो तौहीद हृदोय (7) को आउट किया।
सैफ हसन ने लगाई फिफ्टी
हालांकि इस दौरान सैफ हुसन एक छोर थामे लगातार रन बनाते रहे। शमीम हुसैन (शून्य) और मोहम्मद सैफुद्दीन (चार) को वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया। 17वें ओवर में कुलदीप ने रियाद हुसैन (दो) और तंजिम हसन साकिब (शून्य) को आउट किया। 18वें ओवर में बुमराह ने सैफ हसन को आउट कर भारत की जीत पक्की कर दी। सैफ हसन ने 51 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के लगाते हुए 69 रन बनाये। 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर तिलक वर्मा ने मुस्तफिजुर रहमान (छह) को आउटकर बंगलादेश को 127 के स्कोर पर ढ़ेर कर दिया। भारत की ओर कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिये। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को दो-दो विकेट मिले। अक्षर पटेल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
अभिषेक-गिल ने दिलाई दमदार शुरुआत
भारतीय टीम ने जहां पहले 10 ओवरों में 96 रन बनाए तो वहीं अगले 10 ओवर में 72 रन ही बना सके जिसमें अक्षर पटेल (15 गेंद में 10 रन) को सैमसन से ऊपर भेजा गया। भारत ने जब बल्लेबाजी शुरू की तो पावरप्ले के पहले तीन ओवर इतने खास नहीं रहे, लेकिन चौथे ओवर में गिल और अभिषेक ने बाएं हाथ के स्पिनर नासुम अहमद की गेंद पर एक-एक छक्का लगाकर 21 रन बटोरे। अभिषेक ने बांग्लादेश के सबसे अनुभवी टी20 गेंदबाज मुस्तफिजुर की गेंद पर लांग ऑन पर छक्का जड़ा जो भारतीय डगआउट के पास जाकर उछल गया। इस ओवर की समाप्ति पर पारी के 50 रन पूरे हुए और अभिषेक ने बैकवर्ड प्वाइंट पर तीसरा छक्का लगाया।
पावरप्ले खत्म होने तक भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 72 रन था जिसमें पावरप्ले के अंतिम तीन ओवर में 56 रन बने। रिशाद ने फिर गिल (19 गेंद में 29 रन) को आउट किया। अभिषेक ने 25 गेंद में टूर्नामेंट में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया और 200 का शानदार स्ट्राइक रेट बनाए रखा। कलाई के स्पिनर के खिलाफ भारत की दुबे (02) को भेजने की रणनीति काम नहीं आई और रिशाद ने लेग ब्रेक से अपना दूसरा विकेट हासिल किया जिसे मुंबई का यह बल्लेबाज टर्न के उलट दिशा में खेलना चाहता था।
भारतीय पारी लड़खड़ाई
अभिषेक के रन आउट होते ही भारत की लय पूरी तरह बिगड़ गई। कप्तान सूर्यकुमार (11 गेंद में पांच रन) मुस्तफिजुर की गेंद पर आउट हुए। अपने दूसरे स्पैल के लिए आए तंजीम हसन ने तिलक को डीप मिडविकेट बाउंड्री पर कैच कराया जिसके बाद हार्दिक पंड्या (29 गेंद में 38 रन) ने अपनी पहली महत्वपूर्ण पारी खेलकर अपनी टीम को 170 के करीब पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश ने दूसरे ही ओवर में तंजीद हसन का विकेट गंवा दिया जो बुमराह की आउट स्विंग पर दुबे को कैच दे बैठे। पर बांग्लादेश ने पावरप्ले में एक विकेट पर 44 रन बना लिए। कुलदीप गेंदबाजी करने आए और उन्होंने दूसरी ही गेंद में परवेज हुसैन इमोन को डीप मिडविकेट में अभिषेक के हाथों कैच आउट करा दिया।
अक्षर पटेल ने अपना पहला विकेट तौहीद हृदय के रूप में लिया जो गुड लेंथ गेंद को लांग ऑन के ऊपर मारने की कोशिश में अभिषेक को आसान कैच दे बैठे। शमीम हुसैन खाता भी नहीं खोल सके और वरूण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए जिससे बांग्लादेश ने 11वें ओवर में 74 रन पर चौथा विकेट गंवाया।
बांग्लादेश के लिए सैफ हसन अकेले दम पर डटे हुए थे और 12वें ओवर में अक्षर पटेल ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच करने का मौका गंवा दिया। कार्यवाहक कप्तान जाकेर अली के रन आउट होते ही बांग्लादेश ने पांचवां विकेट खो दिया। इसके बाद बाकी पांच विकेट 40 रन के अंदर गिर गए।






