भारत ने वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के जबड़े से छीनी जीत, सूर्यवंशी और कुंडू की पारी पर विहान का ‘चौका’ भारी

Jan 17, 2026 10:45 pm ISTMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

IND vs BAN U19 World Cup: भारत ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश को 18 रनों से मात दी। यह मैच बारिश से प्रभावित रहा। भारत ने टूर्नामेंट लगातार दूसरी जीत अपने नाम की है।

भारत ने वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के जबड़े से छीनी जीत, सूर्यवंशी और कुंडू की पारी पर विहान का ‘चौका’ भारी

भारत ने शनिवार को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के खिालफ 18 रनों से विजयी परचम फहराया। बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया मैच बारिश से प्रभावित रहा। टॉस गंवाने के बाद भारतीय टीम 48.4 ओवर में 238 रनों पर सिमट गई। वहीं, बांग्लादेश लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत की ओर बढ़त हुआ दिखा रहा था लेकिन भारत ने 40 रन के भीतर 8 विकेट लेकर बाजी पलट दी। जब बांग्लादेश की पारी में 17.2 ओवर का खेल होने पर बारिश ने खलल डाला तो मैच काफी देर तक रुका रहा। उसके बाद बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस प्रणाली से 29 ओवर 165 रन का लक्ष्य मिला। खेल रुकने के समय बांग्लादेश का स्कोर 90/2 था। हालांकि, भारत ने अंतिम ओवरों में बांग्लादेश के जबड़े से जीत छीन ली। भारत ने बांग्लादेश को 28.3 ओवर में 146 पर ढेर कर दिया। ऑफ स्पिनर विहान मल्होत्रा ने घातक चौका लगाया। उन्होंने चार ओवर में चार रन देकर चार शिकार किए। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

एक समय बांग्लादेश 14 रन आगे था

भारत अब ग्रुप बी में दो मैचों में चार अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि बांग्लादेश और अमेरिका ने अभी खाता नहीं खोला है। न्यूजीलैंड ने अभी तक ग्रुप बी में अपने अभियान का आगाज नहीं किया है। बारिश के कारण दूसरी बार डेढ घंटे का खेल बाधित होने के बाद बांग्लादेश को 29 ओवर में 165 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। एक समय पर बांग्लादेश ने 20 ओवर में दो विकेट पर 102 रन बना लिए थे और डकवर्थ लुईस प्रणाली से 14 रन आगे था। इसके बाद मल्होत्रा की शानदार ऑफ स्पिन गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश ने लगातार विकेट गंवा दिए। मल्होत्रा ने कलाम सिद्दीकी (15), शेख परवेज जिबोन (सात), रिजान हुसैन (15) और समीउन बशीर (दो) के विकेट लिए। बांग्लादेश ने पांच विकेट 33 गेंद के भीतर गंवा दिए। बाएं हाथ के स्पिनर खिलन पटेल ने बांग्लादेशी कप्तान अजीजुल हकीम का विकेट लिया जिन्होंने 72 गेंद में 51 रन बनाए थे । हेनिल पटेल ने इकबाल हुसैन इमोन को आउट करके बांग्लादेश की पारी का अंत किया।

वैभव सूर्यवंशी और कुंडू टिककर खेले

इससे पहले, भारत के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू ने जुझारू अर्धशतक लगाए। बांग्लादेश ने अनुशासित गेंदबाजी से भारत को लगातार दबाव में बनाए रखा। आक्रामक युवा सलामी बल्लेबाज वैभव भी चिर परिचित अंदाज में नहीं खेल पाए और उन्हें 72 रन की पारी में 67 गेंद खेलनी पड़ी। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। कुंडू ने दो जीवनदानों का पूरा फायदा उठाते हुए 112 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 80 रन बनाए। बारिश के कारण 65 मिनट का व्यवधान होने के कारण मैच 49 ओवर प्रति टीम कर दिया गया। अल फहाद ने 9.2 ओवर में 38 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने अपनी रफ्तार में विविधता का प्रयोग करके भारतीय बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया।

कुंडू बने दीपेश देवेंद्रन का शिकार

उन्होंने कुंडू को 47वें ओवर में आउट किया जबकि दीपेश देवेंद्रन को पवेलियन भेजकर पांच विकेट पूरे किए। कप्तान अजीजुल हकीम ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 42 रन देकर दो विकेट चटकाए। उन्होंने कनिष्क चौहान (28) को आउट करके कुंडू और उनकी 45 गेंद में 54 रन की साझेदारी को तोड़ा। चौहान ने 26 गेंद की अपनी पारी में चार चौके लगाए। इससे पहले बांग्लादेश ने पावरप्ले के भीतर ही तीन विकेट चटका लिए थे। अल फहाद दूसरे ओवर में हैट्रिक पर थे जिन्होंने पहले भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे (छह) को आउट किया जबकि दूसरी गेंद पर वेदांत त्रिवेदी (0) का विकेट लिया।

दो विकेट गिरने पर वैभव हुए संयमित

तीसरे ओवर में दो गेंद में दो विकेट गिरने के बाद वैभव ने विकेट बचाते हुए संयमित पारी खेली। उन्होंने विहान मल्होत्रा के साथ 40 रन से अधिक की साझेदारी की। विहान ने 24 गेंद में सात रन बनाये और पावरप्ले के भीतर आउट होने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे। उन्हें हकीम ने अपने पहले ओवर में आउट किया। वैभव और कुंडू ने इसके बाद 101 गेंद में 62 रन जोड़े। वैभव ने जब हाथ खोलने शुरू किये थे तब इकबाल हुसैन इमोन ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।डीप मिडविकेट पर पूल शॉट खेलने के प्रयास में वह अल फहाद को कैच दे बैठे। बारिश के कारण मैच रोके जाने के समय भारत का स्कोर 39वें ओवर में छह विकेट पर 192 रन था। खेल बहाल होने पर भी बांग्लादेश के गेंदबाजों का ही दबदबा रहा।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।