Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़IND vs AUS Washington Sundar Won Impact Player of the Series Award in Dressing Room Says This make me happy in Australia
वॉशिंगटन सुंदर को ड्रेसिंग रूम में कौन सा अवॉर्ड मिला? बोले- मैं ऑस्ट्रेलिया में ऐसा करने पर बहुत खुश

वॉशिंगटन सुंदर को ड्रेसिंग रूम में कौन सा अवॉर्ड मिला? बोले- मैं ऑस्ट्रेलिया में ऐसा करने पर बहुत खुश

संक्षेप: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज 2-1 से जीती। दो मैच बारिश में धुल गए थे। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को भारतीय ड्रेसिंग रूम में ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ अवॉर्ड मिला है।

Sun, 9 Nov 2025 01:51 PMMd.Akram ब्रिसबेन, भाषा
share Share
Follow Us on

भारतीय हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर को ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज में टीम की 2-1 की जीत के बाद ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड मिला। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा रविवार को पोस्ट किए गए ‘ड्रेसिंग रूम बीटीएस’ शीर्षक वाले वीडियो में जब टीम परिचालन प्रबंधक (सीओओ) राहिल खाजा ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया तो सुंदर मुस्कुराते हुए नजर आए। 26 साल के सुंदर ने सीरीज के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी का पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कहा, ‘‘यहां आना और ऑस्ट्रेलिया में खेलने का मौका मिलना अद्भुत है। टीम की जीत में योगदान देकर मुझे बहुत खुशी हुई।’’

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

भारत की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में जीत के दौरान सुंदर के प्रदर्शन ने टीम के लिए उनकी उपयोगिता साबित की। होबार्ट में तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हालांकि सुंदर को गेंदबाज के रूप में इस्तेमाल नहीं किया गया था और उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया। इसमें उन्होंने 23 गेंद में चार छक्कों और तीन चौकों की मदद से 49 रन बनाकर मैच विजयी पारी खेली और भारत को पांच विकेट से जीत दिलाई जिससे सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। फिर चौथे मैच में उन्हें अंतिम ओवरों तक गेंद नहीं दी गई, लेकिन उन्होंने दो ओवरों में पांच गेंदों पर तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को ढेर कर दिया जिससे भारत 48 रन से जीत गया।

ये भी पढ़ें:वॉशिंगटन सुंदर ने चकनाचूर किया धोनी-कोहली का रिकॉर्ड, AUS में की छक्कों की बौछार

इस जीत ने आखिर में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम को सीरीज 2-1 से जीतने में मदद की क्योंकि शनिवार को गाबा में पांचवां मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। सुंदर ने टीम के सीओओ खाजा के योगदान की सराहना करते हुए कहा, ‘‘उनसे यह पदक पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। हम जानते हैं कि वह (खाजा) हमारे कई कामों को आसान बनाने के लिए हर दिन कितनी मेहनत करते हैं।’’ भावुक खाजा ने भी अपनी खुशी साझा की। सुंदर का टी20 अंतरराष्ट्रीय के 57 मैच का रिकॉर्ड प्रभावशाली है। उनका गेंदबाजी औसत 22 से थोड़ा ज्यादा है जिसमें उनकी इकोनोमी सात से कम है। उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट 134 से ज्यादा है।

ये भी पढ़ें:टीम इंडिया को अब बंद करना चाहिए ये काम… आकाश चोपड़ा ने दिया दमदार लॉजिक

सुंदर टेस्ट मैचों में भी टीम इंडिया के लिए उपयोगी साबित हुए हैं। उन्होंने 15 मैच में 35 विकेट लिए हैं जिसमें तीन बार चार और एक बार पांच विकेट झटकना शामिल हैं। उन्होंने 44.76 के औसत से एक शतक और पांच अर्द्धशतक भी लगाए हैं। ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ एक अपेक्षाकृत नया सम्मान है जिसे बीसीसीआई ने द्विपक्षीय सीरीज में निर्णायक योगदान देने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए शुरू किया है। अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में भारतीय टीम के दिग्गज रोहित शर्मा को भी यही पुरस्कार मिला था।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |