Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़IND vs AUS Washington Sundar Helps Team India To Beat Australia By 5 wickets in the 3rd T20I level series in Hobart
होबार्ट टी20: सुंदर ने बजाई ऑस्ट्रेलिया की बैंड, टीम इंडिया ने सीरीज में की बराबरी; तीसरी बार हुआ ऐसा

होबार्ट टी20: सुंदर ने बजाई ऑस्ट्रेलिया की बैंड, टीम इंडिया ने सीरीज में की बराबरी; तीसरी बार हुआ ऐसा

संक्षेप:

India vs Australia Hobart T20I: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में पांच विकेट से जीत दर्ज की। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने होबार्ट में शानदार बल्लेबाजी की। भारत को 187 रनों का लक्ष्य मिला था।

Sun, 2 Nov 2025 05:48 PMMd.Akram लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। भारत ने रविवार को होबार्ट में तीसरे टी20 में पांच विकेट से विजयी परचम फहराया। पहला मैच बारिश में धूलने के बाद मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा मुकाबला चार विकेट से जीता था। होबार्ट टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने 187 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में भारत ने 18.3 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर ने ऑस्ट्रेलिया की बैंड बजाई। उन्होंने 23 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 49 रनों की तूफानी पारी खेली। भारत ने टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया सरजमीं पर तीसरी बार 180 प्लस रनों का टारगेट चेज किया है। भारत ने 2016 में सिडनी में 198 और 2020 में 195 रन चेज किए थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सधा हुआ आगाज किया। अभिषेक शर्मा (16 गेंदों में 25) और शुभमन गिल (12 गेंदों में 15) ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। नाथन एलिस ने चौथे ओवर में अभिषेक को आउट किया, जिनके बल्ले से दो चौके और दो छक्के निकले। एलिस ने छठे ओवर में गिल को एलबीडब्ल्यू किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (11 गेंदों में 24, एक चौका, दो छक्के) ने आक्रामक रुख अपनाया मगर ज्यादा देर नहीं टिके। उन्हें मार्कस स्टोइनिस आठवें ओवर में अपने जाल में फंसाया। तिलक वर्मा (26 गेंदों में 29) और अक्षर पटेल (12 गेंदों में 17) ने चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। एलिस ने 12वें ओवर में अक्षर का शिकार किया।

ये भी पढ़ें:टिम डेविड ने तोड़ा सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, छक्कों का शतक किया पूरा

इसके बाद, तिलक और सुंदर ने पांचवें विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेला। जेवियर बार्टलेट ने 15वें ओवर में तिलक को पवेलियन भेजा। यहां से सुंदर ने बखूबी मोर्चा संभाला। उन्होंने छठे विकेट के लिए जितेश शर्मा (13 गेंदों में नाबाद 22, तीन चौके) के संग 43 रन की पार्टनरशिप की और भारत को जीत की दहलीज पार कराई। जितेश ने विजयी चौका मारा। इससे पहले, टिम डेविड और मार्कस स्टोइनिस की तूफानी पारियों से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ छह विकेट पर 186 रन जुटाए। अर्शदीप सिंह (35 रन पर तीन विकेट) और वरुण चक्रवर्ती (33 रन पर दो विकेट) ने ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 74 रन कर दिया था लेकिन डेविड (74) और स्टोइनिस (64) ने ताबड़तोड़ पारियां खेलकर मेजबान टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। डेविड ने 38 गेंद का सामना करते हुए पांच छक्के और आठ चौके मारे जबकि स्टोइनिस ने 39 गेंद की पारी में दो छक्के और आठ चौके जड़े।

ये भी पढ़ें:T20I में पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले भारतीय, अभिषेक दूसरे नंबर पर

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद अर्शदीप ने दो ओवर में दो विकेट चटकाकर मेहमान टीम को अच्छी शुरुआत की। सीरीज का अपना पहला मैच खेलने वाले अर्शदीप ने ट्रेविस हेड (6) और जोश इंग्लिस (1) को अपने लगातार ओवरों में पवेलियन भेजकर तीसरे ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 14 रन पर दो विकेट किया। अर्शदीप की शॉर्ट गेंद पर कड़ा प्रहार करने की कोशिश में हेड गेंद को हवा में लहरा गए और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मिड ऑफ पर आसान कैच लपका। अर्शदीप के अगले ओवर में इंग्लिस भी फाइन लेग पर अक्षर पटेल के हाथों लपके गए।

ये भी पढ़ें:टीम इंडिया को मेलबर्न में क्यों मिली करारी हार? कप्तान सूर्यकुमार ने बताया कारण

डेविड ने इसके बाद तूफानी बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और भारत के सभी गेंदबाजों को निशाने पर रखा। उन्होंने अपने पांच में से चार छक्के सीधे मारे जबकि अक्षर की गेंद को कवर्स के ऊपर से छह रन के लिए भेजा। डेविड हालांकि 20 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब जसप्रीत बुमराह की गेंद पर वाशिंगटन सुंदर ने प्वाइंट पर उनका कैच टपका दिया जिसका इस बल्लेबाज ने पूरा फायदा उठाया। चक्रवर्ती ने कप्तान मिचेल मार्श (11) और मिचेल ओवेन (00) को लगातार गेंदों पर आउट करके ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 73 रन किया।

ये भी पढ़ें:ताबड़तोड़ पारी खेल मार्श ने पूरे किए 2000 रन, ऐसा करने वाले AUS के चौथे बैटर

डेविड ने शिवम दुबे पर लगातार दो चौकों के साथ सिर्फ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इसके बाद चक्रवर्ती के ओवर में दो छक्के मारे। स्टोइनिस ने भी 13वें ओवर में दुबे पर लगातार दो छक्के मारे लेकिन इसी ओवर में डेविड ने लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच थमा दिया। भारत को चोटिल ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की कमी खली क्योंकि दुबे के खिलाफ डेविड और स्टोइनिस दोनों ने बड़े शॉट खेले। स्टोइनिस ने 18वें ओवर में अर्शदीप पर तीन चौकों के साथ 32 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। वह पारी के अंतिम ओवर में इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी रिंकू सिंह को कैच देकर पवेलियन लौटे। अर्शदीप को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। (भाषा इनपुट के साथ)

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |