शिखर धवन ने सचिन को पीछे छोड़ने के लिए विराट को दी बधाई, व्हाइट बॉल क्रिकेट के नए किंग बने
शिखर धवन ने विराट कोहली को व्हाइट बॉल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज बनने पर बधाई दी है। कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा।
भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के व्हाइट बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की है। शिखर धवन ने विराट कोहली को व्हाइट-बॉल (सीमित ओवरों) के क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने पर बधाई दी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान विराट कोहली वनडे क्रिकेट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के संयुक्त रनों को मिलाकर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में विराट कोहली ने 81 गेंद में 74 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने सात चौके लगाए।

शिखर धवन ने एक्स पर लिखा, ''एक और उपलब्धि हासिल करने के लिए विराट कोहली को बधाई। व्हाइट बॉल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी। आपका अनुशासन और निरंतरता सबसे बेहतरीन है। इसी जोश के साथ सबको प्रेरित करते रहो।"
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने तीसरे वनडे में दूसरे विकेट के लिए नाबाद 168 रन की साझेदारी की। जिससे टीम आसानी से मुकाबले जीतने में सफल रही और क्लीन स्वीप होने से बच गई। 305 वनडे में विराट कोहली ने 57.69 के औसत से 14250 रन बनाए हैं। उन्होंने 51 शतक और 75 अर्धशतक लगाए हैं। विराट कोहली ने 125 टी20 मैचो में 4188 रन बनाए हैं। विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार पारी खेलकर महान सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर इतिहास रच दिया है। अब वह सीमित ओवरों के इंटरनेशनल क्रिकेट (वनडे और टी20I) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
विराट कोहली ने इस फॉर्मेट में 18,438 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर (18,436 रन) को पीछे छोड़ दिया। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में केवल एक ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 10 रन बनाए थे। विराट ने वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए (रन चेज में) भी एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने रन चेज में 70वीं बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (69 बार 50+ स्कोर) को पीछे छोड़ दिया।






