
एडिलेड में गरजा है विराट कोहली का बल्ला, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी ठोका है शतक
संक्षेप: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को एडिलेड का ग्राउंड काफी पसंद है। उन्होंने यहां पांच इंटरनेशनल शतक लगाए हैं, जिसमें से दो पिछली दो पारियों में आए हैं। वहीं रोहित का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है।
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके विराट कोहली ने लंबे समय बाद वनडे क्रिकेट खेला, जहां पर वह सस्ते में आउट हुए। दूसरे मैच में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। एडिलेड में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, ये वही मैदान है जहां कोहली का बल्ला आग उगलता है और उनके आंकड़े शानदार हैं। वनडे में एडिलेड ग्राउंड पर विराट कोहली ने काफी रन बटोरे हैं। यहां पर कोहली ने पिछली दो पारियों में शतक ठोके हैं, ऐसे में फैंस को इस बार भी कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

एडिलेड में कोहली का वनडे रिकॉर्ड न सिर्फ बेहतरीन है, बल्कि उनकी पिछली दो पारियां भारतीय फैंस के लिए बड़े स्कोर की उम्मीद जगाती हैं। कोहली ने एडिलेड में अब तक 4 वनडे मैच खेले हैं और उनका औसत शानदार 61.00 का रहा है, जिसमें ये दोनों शतक शामिल हैं। उन्होंने इस मैदान पर खेले गए सभी प्रारूपों (टेस्ट, वनडे, टी20) में कुल 5 शतक जड़े हैं। कोहली ने एडिलेड में 2015 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में शतक लगाया था। वहीं 2019 में वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेली गई पिछली पारी में भी शतक ठोका था।
वहीं भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एडिलेड में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। एडिलेड में वनडे में रोहित शर्मा ने 6 पारियों में 131 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 43 रहा है। रोहित शर्मा भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में छाप नहीं छोड़ सके और सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में दोनों बल्लेबाजों पर एडिलेड में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव होगा।






