
तीन हजार रन पूरा करने के करीब ट्रेविस हेड, तोड़ सकते हैं स्टीव स्मिथ का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड वनडे में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के कगार पर हैं। वह अपने करियर के 3,000 वनडे रन पूरे करने से सिर्फ 22 रन दूर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड वनडे क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बेहद करीब हैं। भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले में ट्रेविस हेड को 3000 वनडे रन पूरा करने के लिए 22 रनों की जरूरत है। भारत के खिलाफ सिडनी वनडे में अगर हेड 22 रन बनाने में सफल होते हैं तो वह 3000 वनडे रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के 25वें खिलाड़ी बन जाएंगे। भारत के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मैचों में हेड का बल्ला नहीं चला है।
ट्रेविस हेड 76 पारियों में 3000 रन पूरा करने में कामयाब होते हैं तो वह यह मुकाम सबसे तेज पारियों में हासिल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड स्टीव स्मिथ के नाम है, जिन्होंने 79 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। माइकल बेवन और जॉर्ज बेली ने 80 पारियों में ये कारनामा किया है। डेविड वॉर्नर ने 81 पारियों में तीन हजार रन पूरे किए थे। अगर ट्रेविस हेड तीसरे वनडे में यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो वह इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच सकते हैं, हालांकि पहले दो मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। ट्रेविस हेड ने पहले मैच में आठ और दूसरे मैच में 28 रन बनाए।
ट्रेविस हेड ने 78 वनडे में 43.79 के औसत से 2978 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 105.64 हैं। उन्होंने सात शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 154 रहा है। सिडनी में तीन वनडे में उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया है। तीन पारियों में 40.66 के औसत से उन्होंने 122 रन बनाए हैं। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं।
सिडनी में हेड ने नौ इंटरनेशनल मैच में उन्होंने 32.88 के औसत से 296 रन बनाए हैं। इस साल ट्रेविस हेड शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने नौ पारियों में 41.62 के औसत से 333 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 142 रहा है।






