
इस ऑलराउंडर ने नहीं खलने दी हार्दिक पांड्या की कमी, अभिषेक नायर ने की तारीफ
अभिषेक नायर का मानना है कि दुबे ने निरंतरता और दबाव में प्रदर्शन करके साबित किया है कि वह हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में एक बेहतरीन विकल्प हैं।
भारतीय टीम के पूर्व बैंटिंग कोच अभिषेक नायर ने ऑलराउंडर शिवम दुबे के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। उनका मानना है कि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में शिवम ने दमदार प्रदर्शन किया है और उनकी कमी महसूस नहीं होने दी है। पांड्या चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं। अभिषेक नायर ने कहा है कि दुबे ने साबित कर दिया है कि वह टीम के लिए हार्दिक जैसे ऑलराउंडर बन सकते हैं। शिवम दुबे जारी सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले छठे गेंदबाज हैं।

पूर्व क्रिकेटर अभिषेक नायर ने कहा, ''हम हमेशा कहते हैं कि हार्दिक पांड्या ही वह ऑलराउंडर हैं जिसकी भारत को जरूरत है। लेकिन, लगातार हर मैच में शिवम दुबे ने दिखाया है कि वह भी वह ऑलराउंडर हो सकते हैं। आपको वास्तव में हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति महसूस नहीं होती है क्योंकि शिवम महत्वपूर्ण ओवर फेंकते हैं, अहम विकेट लेते हैं, और अलग-अलग परिस्थितियों में बल्ले से योगदान देते हैं।"
नायर ने इस बात पर भी जोर दिया कि दुबे ने टीम प्रबंधन द्वारा दी गई हर चुनौती को सफलतापूर्वक पार किया है। चौथे टी20 मैच में दुबे ने 22 रन बनाए और दो ओवर में सिर्फ 20 रन दिए। उन्होंने मिचेल मार्श और टिम डेविड जैसे स्टार बल्लेबाजों के विकेट भी चटकाए।
अभिषेक नायर ने आगे कहा, "आज भी उन्होंने महत्वपूर्ण रन बनाए और जब ऑस्ट्रेलिया गति बढ़ा रहा था तब दो बड़े विकेट लिए। जब भी इस भारतीय टीम प्रबंधन ने उन्हें चुनौती दी है, वह सफलतापूर्वक खरे उतरे हैं। हो सकता है कि उन्हें 'द ऑलराउंडर' के रूप में टैग न किया गया हो, लेकिन वह वह सब कुछ करते हैं जो एक भारतीय ऑलराउंडर को करने की आवश्यकता है।"
शिवम ने चौथे मैच के बाद कहा कि मुख्य कोच गौतम गंभीर, गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बतौर गेंदबाज उनकी काफी हौसलाअफजाई की जिससे उनका आत्मविश्वास बढा। उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे जब मौका मिला तो मुझे पता था कि गेंदबाजी करनी होगी । मोर्नी, गौती भाई और सूर्या ने मेरे लिये अच्छी रणनीति बनाई थी । मोर्नी ने छोटे छोटे टिप्स दिये जिससे बेहतर गेंदबाजी में मदद मिली ।’’






