
IND vs AUS: ये कोच का फैसला नहीं हो सकता... संजय बांगर ने गौतम गंभीर को लेकर कही बड़ी बात
संक्षेप: India s Australia: भारतीय टीम के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगर ने गौतम गंभीर को लेकर बड़ी बात कही है। बांगर का मानना है कि युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को कप्तान नियुक्त करना सिलेक्टर्स का फैसला है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले भारतीय फैंस उस वक्त बेहद हैरान रह गए थे, जब रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को वनडे टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। 26 वर्षीय गिल भारतीय टेस्ट टीम के भी कप्तान हैं जबकि टी20 टीम की बागडोर सूर्यकुमार यादव के पास है। गिल को वनडे की कमान सौंपे जाने को सभी फॉर्मेट में एक ही कप्तान बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। संजय बांगर ने हेड कोच गौतम गंभीर को लेकर बड़ी बात कही है। भारत के पूर्व बैटिंग कोच बांगर का मानना है कि गिल को कप्तान बनाना सिलेक्टर्स का फैसला है क्योंकि कोच के पास टीम से तालमेल बिठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता।

संजय बांगर ने स्टार स्पोर्ट्स पर चर्चा के दौरान कहा, “जहां तक मुझे पता है, यह कोच का फैसला नहीं हो सकता। कोच को उसी टीम के साथ काम करना होता है, जो मिली है। यह कोच के कंफर्ट की बात नहीं है। कोच को टीम के साथ तालमेल बिठाना होता है। इसके अलावा कोई दूसरा ऑप्शन नहीं। क्रिकेट में ऐसा ही होता है। आपके पास शुभमन गिल के रूप में एक बेहद सक्षम बल्लेबाज है। उम्र भी उनके पक्ष में है और उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में 5-6 साल का एक्सपीरियंस है। इसलिए, मुझे लगता है कि यह फैसला सिलेक्टर्स ने लिया है।”
टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके रोहित को वनडे की कप्तानी से हटाकर गिल को कमान सौंपने का फैसला वनडे वर्ल्ड कप 2027 के मद्देनजर लिया गया है। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने साफ तौर पर कहा था कि अब कुछ ही वनडे खेलने हैं लिहाजा तीन अलग-अलग कप्तान रखना असंभव है क्योंकि इससे रणनीति बनाने में दिक्कत होती है। उन्होंने कहा, ''यह व्यवहारिक तौर पर संभव नहीं है कि तीन प्रारूपों में तीन कप्तान हों । इससे रणनीति बनाना मुश्किल हो जाता है।''
चीफ सिलेक्टर ने आगे कहा था, ''एक समय पर जाकर आप अगले विश्व कप पर विचार करेंगे और यह प्रारूप अब बहुत कम खेला जाता है। इसलिए अगले कप्तान को देने के लिए ज्यादा मैच भी नहीं है। उसे खुद को तैयार करने और रणनीति बनाने के लिये समय दिया जाना जरूरी है।'' बता दें कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत हार के साथ की है। भारत को पर्थ में पहले वनडे में सात विकेट से हार मिली।






