
मिचेल स्टार्क सिडनी में कर सकते हैं धमाल, ऐसा करने वाले बनेंगे चौथे ऑस्ट्रेलियाई बॉलर
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क वनडे में 250 विकेट पूरा करने के करीब हैं। अगर वह तीन विकेट ले लेते हैं तो वह ये उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बनेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क शनिवार को भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। स्टार्क वनडे में 250 विकेट हासिल करने के काफी करीब हैं। तेज गेंदबाज स्टार्क सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर अगर तीन विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में 250 से अधिक विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन जाएंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच शनिवार को सिडनी में खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया की टीम ने वनडे सीरीज के शुरुआत दो मुकाबले जीते हैं और सीरीज भी अपने नाम कर चुकी हैं, ऐसे में आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया पूरा दम लगाना चाहेगी और 3-0 से सीरीज जीतना चाहेगी। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने जारी सीरीज में दो मैचों में तीन विकेट चटकाए हैं। स्टार्क वनडे में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा के नाम है। उन्होंने 249 मैचों में 380 विकेट लिए हैं। वहीं ब्रेट ली ने 221 मैचों में 380 विकेट झटके हैं। शेन वॉर्न ने 193 मैचों में 291 विकेट लिए हैं।
मिचेल स्टार्क अपने वनडे करियर में 129 वनडे मैचों में अब तक 247 विकेट चटका चुके हैं। अगर वह सिडनी में 3 विकेट लेने में सफल होते हैं, तो वह ऑस्ट्रेलिया के लिए 250 या उससे अधिक वनडे विकेट लेने वाले केवल चौथे गेंदबाज बन जाएंगे। स्टार्क ने वनडे में 12 बार चार विकेट हॉल लिया है और नौ बार पांच विकेट हॉल हासिल किया है।






