
ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे पर इन दो भारतीय खिलाड़ियों ने मचाया था धमाल, इस बार टीम से बाहर
भारतीय टीम रविवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के लिए तैयार है। इस बार स्क्वॉड में काफी बदलाव हुए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने घर पर पिछली वनडे सीरीज जीती थी, जहां हार्दिक पांड्या और मोहम्मद शमी ने चमक बिखेरी थी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का आगाज होने वाला है। पहला मैच रविवार (19 अक्टूबर) को पर्थ में खेला जाएगा, जिसके लिए दोनों टीमें तैयारी में जुटी हैं। इस बार भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को टीम का कप्तान चुना गया है। वहीं पिछली बार जब भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, तो विराट कोहली टीम के कप्तान थे, वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए एरोन फिंच कप्तानी कर रहे थे। पिछले सीरीज में हार्दिक पांड्या और मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन इस बार वह टीम का हिस्सा नहीं हैं।

2021-21 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई तीन मैचों की रोमांचक वनडे सीरीज में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से जीत हासिल की। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। वहीं स्पिनर एडम जंपा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। वहीं मोहम्मद शमी ने भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लिए थे। हालांकि पिछली सीरीज में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचने वाले ये सभी स्टार खिलाड़ी (एडम जंपा को छोड़कर) इस बार सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। फिंच संन्यास ले चुके हैं। हार्दिक पांड्या चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं, जबकि शमी फिटनेस के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं।
पिछली सीरीज में आरोन फिंच ने पूरी सीरीज में जबरदस्त फॉर्म दिखाया। उन्होंने 3 मैचों में 249 रन बनाए। फिंच ने पहले वनडे में 114 रन और तीसरे वनडे में 75 रनों की शानदार पारियां खेली थी। दूसरे नंबर पर स्टीव स्मिथ थे। उन्होंने तीन पारियों में 216 रन बनाए थे। भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर थे। उन्होंने 105 के औसत से तीन पारियों में 210 रन बनाए। जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे।
इस सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जंपा का जादू देखने को मिला। जंपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज में सबसे ज्यादा 7 विकेट चटकाए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पहले वनडे में रहा, जहां उन्होंने 54 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। जोश हेजलवुड ने 6 विकेट लिए थे। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी दोनों ने 4-4 विकेट लिए। आगामी वनडे सीरीज में एडम जंपा पहले मैच से बाहर हो गए हैं।




