
भारत को हराकर मार्श ने बताया ऑस्ट्रेलिया का 'सबसे बड़ा डर', कहा- लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल था क्योंकि...
ऑस्ट्रेलिया ने बारिश से प्रभावित पहले वनडे में भारत को 7 विकेट से हराया। कंगारू टीम ने 29 गेंद बाकी रहते टारगेट चेज किया। कप्तान मिचेल मार्श 46 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्श ने ऑस्ट्रेलिया का ‘सबसे बड़ा डर’ बताया है।
मिचेल मार्श की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया टीम ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को पर्थ में पहले वनडे में सात विकेट से जीत दर्ज की। यह मैच बारिश से प्रभावित रहा। लगातार बारिश की वजह से मुकाबला 26-26 ओवर का कर दिया गया था। भारत ने 9 विकेट पर 136 रन बनाए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुइस पद्धति से 131 रन का टारगेट मिला था। ऑस्ट्रेलिया ने 29 गेंद बाकी रहते जीत हासिल की। भारत को पर्थ में हराने के बाद कार्यवाहक कप्तान मार्श ने ऑस्ट्रेलिया का 'सबसे बड़ा डर' बताया है।

मार्श ने पर्थ में जीत के बाद कहा कि टारगेट का पीछा करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण था क्योंकि गेंद थोड़ी स्विंग कर रही थी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, ''आज मौसम ने अपना असर दिखाया। सभी दर्शकों का शुक्रिया जो मैदान पर रहे। जीत हासिल करना अच्छा लगता है। घर पर जीतना हमेशा अच्छा लगता है। मुझे ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना बहुत पसंद है।'' मार्श ने आगे कहा, ''गेंद थोड़ी स्विंग कर रही थी। हम जानते थे कि दोनों टीमों के लिए यही स्थिति होगी इसलिए लक्ष्य तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल था। मुझे हमारे युवा खिलाड़ियों पर गर्व है जो मैदान पर उतरे और हमें जीत दिलाई।''
बता दें कि लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रैविस हेड (8) दूसरे ओवर में विकेट गंवा बैठे। मैथ्यू शॉर्ट (8) का बल्ला भी नहीं चला। हालांकि, मार्श दूसरे छोर पर डटे रहे। उन्होंने विकेटकीपर जोश फिलिप (29 गेंदों में 37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। फिलिप के 16वें ओवर में पवेलियन लौटने के बाद मार्श ने मैट रेनशॉ (24 गेंदों में नाबाद 21) के साथ ऑस्ट्रेलिया को जीत की दहलीज पार कराई। कप्तान ने 52 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 46 रनों की पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।






