
अभिषेक को तुरंत बैटिंग में करना होगा ये बदलाव, इरफान ने कमजोरी को ठीक करने की दी सलाह
संक्षेप: इरफान पठान ने कहा कि अभिषेक को अपनी जोखिम लेने की आदत पर नियंत्रण रखना होगा और समझदारी से चुनाव करना होगा कि उन्हें किस गेंदबाज और किस गेंद पर आक्रमण करना है।
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के धमाकेदार और आक्रमक बल्लेबाजी की तारीफ की है। हालांकि उन्होंने युवा बल्लेबाज को एक सलाह भी दी है। इरफान का मानना है कि कि अभिषेक को अपनी आक्रामक शैली को बरकरार रखते हुए गेंदबाजों के खिलाफ जोखिम लेने की जगह को चुनना होगा, वर्ना विपक्षी टीमें जल्द ही उनके खेल को समझकर उन्हें आउट करने का तरीका ढूंढ लेंगी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई T20I सीरीज में अभिषेक शर्मा प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। उन्होंने सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए और शुभमन गिल के साथ भारतीय टीम को कई मैचों में दमदार शुरुआत दिलाई। इरफान पठान ने कहा कि अभिषेक शर्मा ने भले ही रिकॉर्ड तोड़ दिए हों और लगातार रन बनाए हों, लेकिन उन्हें अपनी तकनीक में सुधार करना होगा और हर गेंद पर हमला करने की आदत से बचना होगा।
इरफान पठान ने कहा, ''अभिषेक निडर क्रिकेट खेलता है, जोकि काफी सही है। इसमें कोई शक नहीं कि अभिषेक शर्मा एक शानदार टैलेंट हैं। लेकिन अगर वह हर गेंदबाज को एक ही तरह से अटैक करने की कोशिश करेंगे, तो वह जल्द ही पकड़ में आ जाएंगे। उन्हें यह चुनना होगा कि किस ओवर में, किस गेंद पर और किस गेंदबाज के खिलाफ उन्हें जोखिम लेना है। एग्रेशन ठीक है लेकिन उसके पीछे स्ट्रेटेजी होनी चाहिए।" पठान ने यह भी संकेत दिया कि अभिषेक की कुछ तकनीकी खामियां हैं खासकर तेज गति के खिलाफ, जिन पर गेंदबाजों ने ध्यान देना शुरू कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा, "जब आप 500 से अधिक गेंदों में 1000 रन बनाते हैं (T20I में सबसे तेज), तो आप पर दबाव भी आता है। अब विपक्षी टीम उनके वीडियो देखेगी। उन्हें समझदारी से बल्लेबाजी करनी होगी, और यह सीखना होगा कि कब गैर-जरूरी जोखिम से बचना है। उन्हें 'गियर' बदलना सीखना होगा।"






