
एडिलेड में खत्म हुआ भारत का वर्चस्व, 17 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ने फिर हराया
भारत को आखिरी बार इस मैदान पर फरवरी 2008 में त्रिकोणीय सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया के हाथों ही शिकस्त मिली थी। इसके बाद से टीम इंडिया ने इस मैदान पर पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरुवार को एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम को 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारत ने न केवल वनडे सीरीज 0-2 से गंवा दी, बल्कि इस ऐतिहासिक मैदान पर 17 साल से चला आ रहा अपना शानदार विजयी अभियान भी खत्म कर दिया। भारत के 265 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने शॉर्ट और कोनोली के अर्धशतक से 46.2 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन बनाकर जीत दर्ज की। भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने कम से कम तीन मौके गंवा दिए जिनमें मैथ्यू शॉर्ट भी शामिल थे, जिन्होंने 78 गेंद में 74 रन की शानदार पारी खेली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा वनडे सिडनी में शनिवार को खेला जाएगा।
एडिलेड ओवल का मैदान भारतीय टीम के लिए पिछले डेढ़ दशक से एक अभेद किला बन चुका था। पिछली बार भारतीय टीम को इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने हराया था। 2008 में त्रिकोणीय सीरीज के दौरान भारत को इस मैदान पर वनडे मैच में हार का मुंह देखना पड़ा था। इसके बाद भारतीय टीम ने एडिलेड में लगातार पांच वनडे मैच (एक टाई सहित) जीते थे, जिसमें 2015 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ और 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक जीत शामिल थी। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इस गौरवशाली रिकॉर्ड को आगे बढ़ाने में नाकाम रही।
इस हार के साथ युवा कप्तान शुभमन गिल के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी जुड़ गया। वह अजीत वाडेकर, दिलीप वेंगसरकर, कृष श्रीकांत, मोहम्मद अजहरुद्दीन और केएल राहुल के बाद ऐसे छठे भारतीय कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में शुरुआती दो वनडे मैच गंवाए हैं।
भारत ने इससे पहले रोहित (73 रन, 97 गेंद, सात चौके, दो छक्के) और श्रेयस अय्यर (61 रन, 77 गेंद, सात चौके) के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट की 118 रन की साझेदारी से नौ विकेट पर 264 रन बनाए।






