Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़ind vs aus India Beat Australia in 4th T20I to Take 2 1 Lead suryakumar yadav Washington Sundar
लगातार दूसरे मुकाबले में भारत ने कंगारुओं को धोया, सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

लगातार दूसरे मुकाबले में भारत ने कंगारुओं को धोया, सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

संक्षेप: भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 48 रनों से जीता। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 2-1 की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। 168 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया 119 पर ऑल आउट हो गई।

Thu, 6 Nov 2025 05:38 PMHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को गुरुवार को खेले गए चौथे टी20 मैच में 48 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने गोल्ड कोस्ट में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 167 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद 18.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 119 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिचेल मार्श ने 24 गेंद में 30 रन की पारी खेली। भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने तीन, अक्षर और शिवम ने 2-2 विकेट चटकाए। इससे पहले भारत ने तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम को मिचेल मार्श और मैथ्यू शॉर्ट ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी हुई। शॉर्ट 19 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। जोश इंग्लिस 11 गेंद में 12 रन ही बना सके। अक्षर पटेल ने दोनों खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। कप्तान मिचेल मार्श 24 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए। टिम डेविड 9 गेंद में 14 रन ही बना सके। जोश फिलिप 10 और ग्लेन मैक्सवेल दो रन ही बना सके। मार्कस स्टायनिश ने 19 गेंद में 17 और जेवियर बिना खाता खोले आउट हुए। बेन और जंपा खाता नहीं खोल सके। भारत की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। अक्षर पटेल, शिवम ने 2-2 और बुमराह, अर्शदीप और वरुण को 1-1 विकेट मिले।

ये भी पढ़ें:सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की रेस में स्मृति मंधाना, गार्डनर-लॉरा से है टक्कर

बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मैच की दूसरी ही गेंद पर अभिषेक भाग्यशाली रहे जब बेन ड्वारशुइस की गेंद को कवर्स के ऊपर से खेलने की कोशिश में हवा में लहरा बैठे लेकिन जेवियर बार्टलेट उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। अभिषेक ने बार्टलेट (26 रन पर एक विकेट) पर पारी का पहला चौका मारा जबकि गिल ने ड्वारशुइस की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराने के बाद एलिस पर दो चौके जड़े।

अभिषेक ने मार्कस स्टोइनिस पर दो चौकों के साथ पावर प्ले में भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 49 रन तक पहुंचाया। अभिषेक ने जंपा का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन इस लेग स्पिनर पर एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर टिम डेविड को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 21 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा।

शिवम दुबे और गिल ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। दुबे ने ड्वारशुइस पर चौका जड़ने के बाद जंपा की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। दुबे (22) हालांकि एलिस की धीमी गेंद पर चकमा खाकर बोल्ड हो गए। सूर्यकुमार ने जंपा पर लगातार दो छक्कों के साथ 13वें ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया।

गिल ने भी स्टोइनिस की गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन एलिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। गिल ने 39 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का मारा। सूर्यकुमार (20) भी बार्टलेट की गेंद को हवा में लहराकर डेविड के हाथों लपके गए जिससे भारत का स्कोर चार विकेट पर 125 रन हो गया।

जंपा ने तिलक वर्मा (05) को विकेटकीपर जोश इंग्लिस के हाथों कैच कराके भारत को पांचवां झटका दिया और फिर जितेश शर्मा (03) को पगबाधा किया। अक्षर ने अंतिम ओवर में स्टोइनिस की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ भारत का स्कोर 160 रन के पार पहुंचाया।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट IND vs AUS, क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |