भारत ने पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल, सिडनी में अरुंधति रेड्डी ने लगाया 'घातक चौका'
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच में 21 रनों से जीत दर्ज की। यह मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ। तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी प्लेयर ऑफ द मैच बनीं।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में विजयी आगाज किया है। भारत ने रविवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस पद्धति (डीएलएस) के तहत 21 रनों से धूल चटाई। यह मैच बारिश से प्रभावित रहा। हल्की बूंदाबांदी के कारण टॉस 15 मिनट देरी से हुआ था। तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने शानदार बॉलिंग करते हुए 'घातक चौका' लगाया। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में महज 22 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अरुंधति ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किया।
भारत को मिला 134 का टारगेट
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सधी हुई शुरुआत की। स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 33 रन रनों की साझेदारी की। सोफी मोलिन्यूक्स ने पांचवें ओवर में शेफाली को पेलिययन भेजा। उन्होंने 11 गेंदों में एक चौके और दो छक्के की मदद से 21 रनों की पारी खेली। छठे ओवर की जब शुरुआत हुई तो बारिश ने फिर दस्तक दे दी और खेल जो दोबारा शुरू नहीं हो पाया। भारत को इसके बाद विजेता घोषित किया गया क्योंकि 5.1 ओवर के बाद डीएलएस के तहत बराबरी का स्कोर 29 रन था। मंधाना ने 17 गेंदों में नाबाद 16 रन बनाए, जिसमें दो चौके हैं। जेमिमा रोड्रिग्स ने तीन गेंदों में दो चौकों के जरिए नाबाद 9 रन बटोरे।
भारत ने टॉस जीतकर चुनी बॉलिंग
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया को 18 ओवर में 133 रन पर समेटा। अरुंधति रेड्डी ने चार ओवर के स्पेल में 18 रन देकर चार विकेट चटकाए। रेणुका सिंह और श्री चरणी ने 14-14 रन देकर दो-दो विकेट शिकार। ऑस्ट्रेलिया ने 2.2 ओवर में 22 रन बनाकर तेज शुरुआती की लेकिन बेथ मूनी (5) ने रेणुका की गेंद को हवा में लहराकर कवर्स में स्मृति मंधाना को कैच थमा दिया। दूसरी सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल (10 गेंद में 18 रन) भी इसके बाद क्रांति गौड़ (39 रन पर एक विकेट) की बाहर की ओर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठीं।
5 विकेट पर 80 मेजबान का स्कोर
एलिस पैरी (11 गेंद में 20 रन) और फोएबे लिचफील्ड (19 गेंद में 26 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन की तेज साझेदारी करके पारी को संभाला। हालांकि जब यह जोड़ी भारत के लिए खतरा बनने लगी तब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अरुंधति की गेंद पर पीछे दौड़कर गोता लगाते हुए पैरी का शानदार कैच पकड़ा। दीप्ति शर्मा (19 रन पर एक विकेट) ने एशले गार्डनर (4) को पवेलियन भेजा जबकि अरुंधति ने लिचफील्ड को ऋचा के हाथों कैच कराके 10वें ओवर की शुरुआत में मेजबान ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 80 रन कर दिया।
वेयरहैम ने पहुंचाया 100 के पार
जॉर्जिया वेयरहैम (19 गेंद पर 30) और निकोला कैरी (12) ने छठे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। अरुंधति ने 14वें ओवर में जॉर्जिया को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि श्री चरणी ने अगले ओवर में निकोला की पारी का अंत किया। अरुंधति ने डार्सी ब्राउन (01) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। मेजबान टीम ने अपने अंतिम पांच विकेट सिर्फ 12 रन पर गंवाए। ऑस्ट्रेलिया एक नए युग की शुरुआत कर रहा है क्योंकि जनवरी में टी20 टीम की कप्तान बनने के बाद सोफी मोलिनी टीम की कमान संभाल रही हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



