
MCG की हार के बाद सूर्यकुमार के साथ कोचिंग स्टाफ की गंभीर बातचीत, मेलबर्न का वीडियो हुआ वायरल
मेलबर्न में खेले गए दूसरे टी20 मैच के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें मुख्य कोच गौतम गंभीर और अन्य कोचिंग स्टाफ के सदस्य कप्तान सूर्यकुमार यादव से काफी देर तक गंभीरता से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में हार का सामना करना पड़ा। लो-स्कोरिंग मुकाबले में भारतीय टीम के बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों ने भी निराश किया। भारतीय टीम की करारी हार के बाद मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हेड कोच गौतम और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच काफी गंभीर बातचीत का एक वीडियो वायरल हुआ है। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 4 विकेट से जीतकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। कैनबरा में खेला गया पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और सहायक कोच रेयान टेन डोएशे भी मौजूद थे। इस बातचीत के दौरान गौतम गंभीर ने सूर्यकुमार यादव से किसी मामले को लेकर राय जानना चाही, जिस पर सूर्यकुमार यादव काफी गंभीर होकर जवाब देते हुए दिखे। कप्तान के हावभाव से ऐसा ही लग रहा था कि इन सबके बीच किसी बड़े मुद्दे को लेकर बातचीत हो रही है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की ये तीसरी हार है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों में भारत को हराया था। हालांकि भारतीय टीम ने तीसरे मैच में दमदार वापसी की थी और जीत हासिल की थी। तीसरा मैच रविवार को होबार्ट में खेला जाएगा। मैच की बात करें तो अभिषेक शर्मा ने 37 गेंद में 68 रन की दमदार पारी खेली, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने काफी किफायती गेंदबाजी की और तीन विकेट लिए। हेजलवुड की कसी हुई गेंदबाजी के कारण भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने का ज्यादा मौका नहीं मिला।
भारतीय टीम 18.4 ओवर में 125 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया ने यह लक्ष्य 13.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर हासिल किया। कप्तान मार्श ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दो चौके और चार छक्के जड़ित पारी से तेज शुरूआत कराई। मार्श और ट्रेविस हेड (28 रन) ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़ दिए। लक्ष्य इतना कम था कि कसी गेंदबाजी के बावजूद इसे आसानी से हासिल किया जा सकता था।






