
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श के मन में विराट-रोहित का खौफ, कहा- उम्मीद है कि वो अच्छा क्रिकेट ना खेले
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई फैंस विराट कोहली और रोहित शर्मा को खेलते हुए देखें लेकिन वो अच्छा क्रिकेट ना खेलें। विराट-रोहित के लिए आखिरी ऑस्ट्रेलिया सीरीज हो सकती है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार को पहला वनडे खेला जाएगा। वनडे सीरीज शुरू होने से पहले मिचेल मार्श ने उम्मीद जताई है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा ज्यादा अच्छा नहीं खेलें। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि फैंस को अच्छा क्रिकेट देखने को मिलेगा। 19 अक्टूबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए मिचेल मार्श ने भारतीय जोड़ी की जमकर तारीफ की। नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट की वजह से नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह मिचेल मार्श को टीम की कमान सौंपी गई है।

मिचेल मार्श ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''मुझे अपने पूरे करियर में उनके (कोहली और रोहित) खिलाफ खेलने का सौभाग्य मिला है। वे निश्चित रूप से खेल के दिग्गज हैं। खासकर विराट, वह इस व्हाइट-बॉल फॉर्मेट के सबसे महान 'चेजर' (लक्ष्य का पीछा करने वाले) हैं। आप देख सकते हैं कि टिकटों की बिक्री इतनी ज्यादा क्यों है और इतने सारे लोग उन्हें देखने क्यों आ रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, ''अगर यह ऑस्ट्रेलियाई धरती पर उनका आखिरी दौरा है, तो मुझे उम्मीद है कि वे इसका आनंद लेंगे। और मैं उम्मीद करता हूं कि लोगों को उनका ज्यादा अच्छा क्रिकेट न देखने को मिले, लेकिन वे ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए दो महान खिलाड़ियों को जरूर देखें।"
विराट कोहली और रोहित शर्मा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद पहली बार भारतीय जर्सी में नजर आएंगे। इस सीरीज से पहले दोनों ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब उनका पूरा ध्यान 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर केंद्रित है। रोहित की जगह गिल को भारत का नया वनडे कप्तान बनाया गया है । उसके बाद से रोहित और कोहली के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही है । गिल की कप्तानी में भारतीय टीम रविवार से आस्ट्रेलिा के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी ।




