
पर्थ में हारते ही इरफान पठान ने की भारतीय टीम में बदलाव की मांग, बोले- ऐसा करने का तरीका ढूंढिए
संक्षेप: भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ वनडे में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इरफान पठान ने दूसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में एक बदलाव की मांग की है। दूसरा मुकाबला एडिलेड के मैदान पर आयोजित होगा।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत हार के साथ की है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम को रविवार को पर्थ में पहले वनडे में सात विकेट से हार झेलनी पड़ी। यह मैच बारिश से प्रभावित रहा। भारतीय पारी के दौरान लगातार बारिश के कारण मैच 26-26 ओवर का कर दिया गया था। भारत ने जूझते हुए 9 विकेट पर 136 रन बनाए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुइस पद्धति से 131 रन का लक्ष्य मिला। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 29 गेंद बाकी रहते आसान जीत दर्ज की और तीन मैच की सीरीज में बढ़त हासिल की। पर्थ वनडे में हार के बाद इरफान पठान ने भारतीय टीम में एक बदलाव की मांग की है।

दरअसल, इरफान चाहते हैं कि कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया दूसरा वनडे की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाए। दूसरा वनडे गुरुवार (23 अक्टूबर) को एडिलेड के मैदान पर आयोजित होगा। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''क्या टीम इंडिया अगले मैच में कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का तरीका ढूंढ सकती है? लगता है कि उन्हें ऐसा करना चाहिए।'' बता दें कि 30 वर्षीय कुलदीप ने एशिया कप 2025 में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने सात मैचों में सर्वाधिक 17 विकेट चटकाए।
पर्थ वनडे की बात करें तो लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्रेविस हेड (8) ने शुरुआत में ही अर्शदीप सिंह की गेंद पर डीप थर्ड मैन पर हर्षित राणा को कैच थमा दिया। इसके बाद, क्रीज पर आए मैथ्यू शॉर्ट (8) भी बिना कोई खास योगदान दिए पवेलियन लौट गए। उन्हें अक्षर पटेल ने आउट किया। कप्तान मिचेल मार्श (52 गेंदों में नाबाद 46) ने जोश फिलिप (29 गेंदों में 37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की आक्रामक अहम साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया का दबदबा बनाए रखा। फिलिप का शिकार वॉशिंगटन सुंदर ने किया। अर्शदीप, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा की भारतीय तेज गेंदबाजों की तिकड़ी ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों जैसा नियंत्रण नहीं दिखा पाई।






