क्या रोहित शर्मा की सीख टीम इंडिया के लिए बनेगी डेंजरस? अफगानी स्पिनर ने कहा- इंशाअल्लाह हम ऐसा करेंगे
क्या रोहित शर्मा की सीख टीम इंडिया के लिए डेंजरस बनेगी? अफगानिस्तान के स्पिनर अल्लाह गजनफर कुछ ऐसा ही करने की फिराक में हैं। वह आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा के साथ खेले थे।

मुंबई इंडियंस की टीम में खेलते हुए रोहित शर्मा को करीब से देखने के बाद अफगानिस्तान के उभरते स्पिनर अल्लाह गजनफर आगामी वनडे सीरीज में भारत के दिग्गज बल्लेबाजों के सामने उन सीखों को आजमाने के लिए उत्सुक हैं। अफगानिस्तान के सबसे होनहार खिलाड़ियों में से एक माने जाने वाले 19 वर्षीय ऑफ स्पिनर ने माना कि आईपीएल के अभ्यास सत्र में रोहित को लगातार गेंदबाजी करने का मौका मिलने से उन्हें दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों का सामना करने की चुनौतियों और बारीकियों को समझने का शानदार अवसर मिला। भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से धर्मशाला में सीरीज शुरू होगी।
'रोहित भाई से जो भी सीखा...'
गजनफर ने तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले चुनिंदा संवाददाताओं से कहा, "रोहित भाई एक महान खिलाड़ी हैं और बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं। वह पारी की शुरुआत करते हैं और हम नई गेंद से गेंदबाजी करते हैं। उनसे जो भी हमने सीखा है, इंशाअल्लाह उसे अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करेंगे और देखेंगे कि आगे क्या होता है।" उन्होंने बताया कि आईपीएल के दौरान रोहित शर्मा ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से मार्गदर्शन भी दिया था। गजनफर ने कहा, "एक बार जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था, तो उन्होंने मुझे कुछ सुझाव दिए। मैंने उनकी बातों की बहुत सराहना की और मैं उनका आभारी हूं।" मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम में जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ समय बिताने को उन्होंने अपने करियर के लिए बेहद उपयोगी बताया।
'IPL हमारे लिए बहुत अच्छा रहा'
उन्होंने कहा, "आईपीएल में आपको बेहतरीन खिलाड़ी और शानदार कोचिंग दोनों मिलते हैं। उनके साथ मैच खेलना और ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरे लिए बहुत सीखने वाला अनुभव रहा। क्रिकेट लगातार सीखने का खेल है और मैं आगे भी सीखते रहना चाहता हूं।'' अफगानिस्तान टीम की तैयारी पर गजनफर ने कहा कि आईपीएल के कारण भले ही कई खिलाड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में व्यस्त रहे, लेकिन टीम ने तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा, “आईपीएल हमारे लिए बहुत अच्छा रहा। यहां बहुत गर्मी है और हम परिस्थितियों के अनुसार ढल चुके हैं। यहां आने से पहले हमारी टीम ने काबुल में एक महीने का शिविर लगाया था। हम पिच और मौसम के अनुसार खुद को ढाल चुके हैं और खिलाड़ी जोश से भरे हुए हैं।”
'बड़े होते समय सभी अपनी...'
अफगानिस्तान क्रिकेट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा पर उन्होंने कहा कि अब घरेलू स्तर से सीधे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक कठिन हो गया है, लेकिन सही तैयारी और मेहनत से सफलता संभव है। युवा खिलाड़ियों के लिए राशिद खान और मोहम्मद नबी आदर्श रहे हैं, लेकिन गजनफर के लिए किसी खिलाड़ी से ज्यादा पूरी अफगानिस्तान टीम प्रेरणा रही है। इस स्पिनर ने कहा,''अपने आदर्श की बात करें तो हमारे लिए आदर्श अफगानिस्तान की टीम थी। बड़े होते समय हम सभी अपनी राष्ट्रीय टीम को देखकर प्रेरणा लेते थे।'' अफगानिस्तान की टीम जब भारत की मजबूत बल्लेबाजी के सामने उतरेगी, तो सभी की नजरें इस युवा स्पिनर पर होंगी कि क्या वह आईपीएल के अनुभव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता में बदल पाते हैं या नहीं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



