विराट कोहली की जगह बैटिंग कर सकते हैं केएल राहुल, ईशान किशन ने की विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे शनिवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले के दौरान केएल राहुल और ईशान किशन नई भूमिका में नजर आ सकते हैं।

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले शुरुआती वनडे से पहले धर्मशाला में शनिवार को विकेटकीपिंग को लेकर दिलचस्प संकेत देखने को मिले, जहां अभ्यास सत्र में ईशान किशन विकेटकीपिंग का अभ्यास करते नजर आए, जबकि लोकेश राहुल क्षेत्ररक्षण अभ्यास में ऊंचे कैच पकड़ने का अभ्यास कर रहे थे। वनडे क्रिकेट में पिछले कई वर्षों से राहुल भारत के मुख्य विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे हैं लेकिन ईशान किशन की वनडे टीम में वापसी के बाद उनकी भूमिका में बदलाव की संभावना दिखाई दे रही है।
तीसरे नंबर पर कौन करेगा बैटिंग
विराट कोहली चोट के कारण इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन को तीसरे नंबर पर अलग-अलग बल्लेबाजों को आजमाने का मौका मिलेगा। राहुल भी पिछले कुछ वर्षों से मध्यक्रम, खासकर पांचवें नंबर पर अच्छी तरह स्थापित हैं, लेकिन इस सीरीज में उनकी बल्लेबाजी स्थिति बदल सकती है। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल ने कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में तीसरे नंबर के लिए कई खिलाड़ियों को आजमाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, ''तीसरे क्रम को लेकर हम इस सीरीज में कुछ प्रयोग करेंगे। ईशान, राहुल या (यशस्वी) जायसवाल में से किसी को भी वहां बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है। हमारे पास कुछ वनडे मैच हैं और हम खिलाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर आजमाना चाहते हैं।'' मॉर्कल ने कहा, ''इससे हमें टीम संयोजन को बेहतर ढंग से समझने और भविष्य के लिए अधिक विकल्प तैयार करने में मदद मिलेगी।''
प्रिंस-बराड़ को मिल सकता है मौका
युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ शनिवार को भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण कर सकते हैं। टीम ने धर्मशाला पहुंचने से पहले चंडीगढ़ में अभ्यास किया था। मॉर्कल दोनों युवा गेंदबाजों से काफी प्रभावित नजर आए। गुरनूर लंबे समय से भारतीय टीम के नेट गेंदबाज भी रहे हैं। उन्होंने कहा, ''पहली नजर में ऐसा लगा जैसे वे पिछले चार-पांच साल से टीम का हिस्सा हों। उनके चेहरे पर कोई घबराहट नहीं दिखी। टीम में पहली बार आने वाला खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से थोड़ा नर्वस होता है, लेकिन इन दोनों ने जिस ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अभ्यास किया, वह देखकर अच्छा लगा।''
मॉर्कल ने कहा, ''उनकी गेंदबाजी में सटीकता है और साफ दिखता है कि उन्होंने अपने कौशल पर काफी मेहनत की है। इससे कोचिंग टीम के सदस्यों का काम आसान हो जाता है। आगे हम उनके खेल को और निखारने की कोशिश करेंगे और मैच के मध्य ओवरों तथा अंतिम ओवरों में बेहतर प्रदर्शन के तरीकों पर चर्चा करेंगे।'' उन्होंने कहा, ''पहली नजर में हम दोनों खिलाड़ियों से काफी खुश हैं।''
मॉर्कल को उम्मीद है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर इस सीरीज में इन युवा खिलाड़ियों को मौका देंगे। उन्होंने कहा, ''मुझे पूरा भरोसा है कि गौतम इन खिलाड़ियों को भारतीय टीम की जर्सी में खेलने का अवसर देंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करना बिल्कुल अलग अनुभव होता है। हम उन्हें मौका मिलने को लेकर उत्साहित हैं।'' इस बीच फिटनेस हासिल कर रोहित शर्मा भी अभ्यास सत्र में शामिल हुए। मॉर्कल ने कहा, ''रोहित ने सभी फिटनेस परीक्षण पास कर लिए हैं। उन्हें खेलने की पूरी मंजूरी मिल चुकी है। अगर कोई छोटी-मोटी परेशानी भी थी, तो अब चिंता की कोई बात नहीं है। वह अच्छी तरह अभ्यास कर रहे हैं और पूरी तरह फिट हैं। उन्हें मैदान पर देखने का इंतजार है।''
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



