मैंने बचपन से संजोया था ये सपना...डेब्यू टेस्ट में POTM बनकर मानव सुथार ने ली चैन की सांस
डेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) बनकर मानव सुथार ने चैन की सांस ली है। युवा स्पिनर ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल सात विकेट हासिल किए।

अपने डेब्यू टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारत के खब्बू स्पिनर मानव सुथार ने कहा कि क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में निरंतरता और धैर्य ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भारत की पारी और 300 रन की विशाल जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सुथार को मैच में सात विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) चुना गया। सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पहली पारी में 22 ओवर में 33 रन देकर छह विकेट झटके। पहली पारी में 152 रन पर आउट होने के बाद फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी मात्र 112 रन पर सिमट गई। भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी।
'ये सपना मैंने बचपन से संजोया था'
सुथार ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ''सबसे महत्वपूर्ण सबक यह है कि निरंतरता ही सब कुछ है। आपको बार-बार एक ही क्षेत्र में गेंदबाजी करनी होगी। मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट में यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। यह एक ऐसा प्रारूप है जिसमें धैर्य की परीक्षा होती है।'' उन्होंने कहा, "मैंने यही सीखा है कि धैर्य के साथ अपनी योजनाओं पर कायम रहें और लगातार सही लाइन व लेंथ पर गेंदबाजी करते रहें।'' इस 23 साल के गेंदबाज ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए अपने सपने को सच करने जैसा है। उन्होंने कहा, ''यह अविश्वसनीय अनुभव था। भारत के लिए और खासकर टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना मैंने बचपन से संजोया था। यह मेरे लिए बेहद खास और सपने के सच होने जैसा पल था।''
'जब मैं गेंदबाजी करने आया और…'
सुथार ने बताया कि गेंदबाजी से पहले बल्लेबाजी करने से उन्हें पिच के स्वभाव को समझने में मदद मिली। उन्होंने कहा, ''जब मैं बल्लेबाजी करने गया तो मुझे काफी सहज महसूस हुआ। कुछ गेंदें खेलने के बाद मुझे एहसास हुआ कि पिच से स्पिनरों के लिए मदद मौजूद है।" सुथार ने कहा, ''जब मैं गेंदबाजी करने आया और पहला ओवर डाला, तब भी मुझे वही महसूस हुआ। इसके बाद मेरा पूरा ध्यान सही लाइन, लेंथ और गति का उपयोग करने पर रहा।'' भारत ने अफगानिस्तान को हराकर टेस्ट में पारी के अंतर के आधार पर सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने 2018 में अफगानिस्तान को एक पारी और 260 रन से हराया था लेकिन मेहमान टीम के लिए राहत की बात यह है कि वे इस मैच को तीसरे दिन तक खींचकर ले गए।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



