रोहित शर्मा 3 दिन BCCI सीओई में फिटनेस पर करेंगे काम, जानिए टीम से कब जुड़ेंगे?
रोहित शर्मा आगामी वनडे सीरीज से पहले 8 जून को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के लिए जुड़ेंगे। इसके बाद वह अगले सप्ताह टीम से जुड़ेंगे।

भारतीय वनडे टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि वह आठ जून को बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस जांच के लिए रिपोर्ट करने वाले हैं। आईपीएल के दौरान रोहित की जांघ की मांसपेशियों में भी खिंचाव आ गया था और उन्हें कुछ मैच से बाहर रहना पड़ा था। उन्हें फिटनेस के आधार पर ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। सहायक कोच रयान टेन डेशकाटे ने कहा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की उपलब्धता पर आगामी कुछ दिनों में उनकी फिटनेस को देखते हुए अंतिम फैसला लिया जाएगा। हालांकि कई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विराट कोहली आगामी सीरीज में नहीं खेलेंगे।
टीम से कब जुड़ेंगे?
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक एक सूत्र ने कहा, ''रोहित 8 जून को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने वाले हैं। वे वहां तीन दिन रहेंगे और उनके लिए कई ट्रेनिंग सेशन प्लान किए गए हैं। जिसमें लाइट्स के नीचे बैटिंग का सेशन भी शामिल है। इसके बाद वे 11 जून को धर्मशाला में टीम इंडिया के साथ जुड़ जाएंगे।''
कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन वनडे मैच सीरीज से बाहर हो गए हैं जबकि रोहित को इस सीरीज में खेलने से पहले अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। कोहली और रोहित दोनों अब केवल वनडे प्रारूप में ही खेलते हैं और माना जा रहा है कि विश्व कप 2027 के बाद वह इस प्रारूप को भी अलविदा कह देंगे।
आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद रोहित का खेलना अभी भी अनिश्चित बना हुआ है, जबकि कोहली भी 1 जून को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल फाइनल जीतने वाले मैच में नाबाद 75 रन बनाते समय हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आने के बाद संशय के घेरे में हैं। भारतीय टीम प्रबंधन हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर भी करीब से नज़र रखे हुए है। इस ऑलराउंडर ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए पीठ की ऐंठन के कारण कुछ मैच नहीं खेले थे, और एकदिवसीय सीरीज के लिए उनकी तैयारी की पुष्टि अभी बाकी है।
कोहली की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है जो श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज में भारत ए के लिये खेलने वाले थे। कोहली और रोहित दोनों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद से ही उनके वनडे करियर को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। अगला वनडे विश्व कप अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका में होगा। कोहली और रोहित को उनकी फॉर्म और फिटनेस के आधार पर ही विश्व कप की टीम में जगह मिलेगी।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



