ऋषभ पंत को 50 टेस्ट में 8वीं बार झेलना पड़ा 'गम', अफगानिस्तान के खिलाफ भी हुआ ऐसा
IND vs AFG Test: ऋषभ पंत ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि, पंत शतक से चूक गए। भारतीय विकेटकेपर को हशमतउल्लाह शाहिदी ने पवेलियन की राह दिखाई।

क्रिकेट में जब कोई बल्लेबाज 80 या 90 रन का आंकड़ा छू लेता है तो उसकी नजर शतक जड़ने पर होती है। हालांकि, हर बार शतक जड़ने की कोशिश सफल रहे, यह जरूरी नहीं। शतक से चूकने पर खिलाड़ी जो 'गम' झेलता है, उसका अंदाजा अन्य लोग शायद ही लगा पाएं। भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को एक बार फिर इस 'गम' का सामना करना पड़ा है। वह रविवार को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के दूसरे दिन 81 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 121 गेंदों की पारी में छह चौके लगाने के अलावा तीन सिक्स उड़ाए। पंत को हशमतउल्लाह शाहिदी ने आउट किया। वह कदमों का इस्तेमाल करने के बाद बड़ा शॉट लगाना चाहते थे लेकिन लांग ऑफ पर अजमतुल्लाह उमरजई के हाथों लपके गए।
पंत को 8वीं बार झेलना पड़ा 'गम'
पंत फिलहाल 50वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। वह अपने टेस्ट करियर में अब तक आठ बार 80 या 90 रनों का आंकड़ा छूने के बाद आउट हो चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि पंत सात मर्तबा नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए। उन्होंने साल 2018 में टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने सबसे लंबे फॉर्मेट में आठ शतक और 18 अर्धशतक जमाए हैं। 28 वर्षीय पंत टेस्ट में 100 सिक्स कंप्लीट करने की दहलीज पर हैं। वह 87 पारियों में 97 छक्के लगा चुके हैं। पंत अगर आने वाले समय में ऐसा करने में कामयाब रहे तो सबसे तेज 100 सिक्स लगाने वाले प्लेयर बन जाएंगे। अभी यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट के नाम दर्ज है। गिलक्रिस्ट ने 137 पारियों में छक्कों का सतक पूरा किया था।
पहले सेशन में भारत ने गंवाए तीन विकेट
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के दूसरे दिन लंच तक छह विकेट पर 475 रन बनाए। लंच के समय वॉशिंगटन सुंदर 14 और अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे मानव सुथार 9 रन बनाकर नाबाद थे। भारत ने आज पहले सेशन में तीन विकेट गंवाए। ऋषभ पंत के अलावा कप्तान शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल पवेलियन लौटे। गिल ने 177 गेंदों में 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 126 रनों की पारी खेली। जुरेल ने 20 गेंदों में 19 रनों का योगदान दिया। मैच के पहले दिन केएल राहुल (100) ने शतक ठोका जबकि साई सुदर्शन ने 81 रन जुटाए थे। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने अब तक 109 रन देकर चार विकेट हासिल किए हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



