मानव सुथार की रोहित शर्मा के क्लब में एंट्री, देखें डेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय
IND vs AFG Test Player of the Match Manav Suthar: मानव सुथार ने अफगानिस्तान टेस्ट में बेहतरीन गेंदबाजी की। 23 वर्षीय स्पिनर ने एक धाकड़ क्लब में एंट्री मारी है, जिसमें रोहित शर्मा मौजूद हैं।

भारत ने सोमवार को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में यादगार जीत हासिल की। भारत ने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से धूल चटाई। यह भारत की पारी के अंतर के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। भारत ने कप्तान शुभमन गिल (126) और केएल राहुल (100) के शतक के दम पर 564/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रनों पर सिमटी, जिसमें डेब्यूटेंट स्पिनर मानव सुथार ने कातिलाना गेंदबाजी की। उन्होंने 22 ओवर में 33 रन देकर छह विकेट चटकाए और अफगानिस्तान को फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। अफगानिस्तान की दूसरी पारी 112 रनों पर ढेर हुई। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने चार और कुलदीप यादव ने तीन विकेट झटके जबकि सुथार को एक सफलता मिली। 23 वर्षीय सुथार ने कुल सात विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किया।
मानव सुथार की रोहित शर्मा के क्लब में एंट्री
सुधार ने रोहित शर्मा के धाकड़ क्लब में एंट्री मारी है। वह डेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले नौवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। सुधार और रोहित के अलावा प्रवीण आमरे, आरपी सिंह, रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल ने अपने पहले टेस्ट में पुरस्कार हासिल किया। बता दें कि सुधार डेब्यू में एक पारी में पांच विकेट चटकाने वाले भारत के दसवें गेंदबाज हैं। उन्होंने अपने प्रदर्शन से भविष्य में रवींद्र जडेजा के विकल्प के तौर पर खुद को खड़ा कर दिया है। भारत के पास टर्निंग पिचों पर विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं लेकिन सुथार ने दिखा दिया कि वह सपाट पिचों पर भी विकेट ले सकते हैं।
डेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीतने वाले भारतीय
1992 - प्रवीण आमरे
2006 - आरपी सिंह
2011 - रविचंद्रन अश्विन
2013 - शिखर धवन
2013 - रोहित शर्मा
2018 - पृथ्वी शॉ
2021 - श्रेयस अय्यर
2023 - यशस्वी जायसवाल
2026 - मानव सुथार
अवॉर्ड जीतने के बाद क्या बोले सुथार?
सुथार ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद, ''टेस्ट मैच इतना आसान नहीं है। इंडिया कैप मिलना बेहद खास अहसास है। इंडिया के लिए खेलना और टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू से ही मेरा सपना रहा है। यह मेरे लिए एक अविश्वसनीय पल था। जब बल्लेबाजी करने गया था तो अच्छा लग रहा था, दो चार गेंदें खेलने के बाद सेटल हुआ। बल्लेबाजी के दौरान पता चला कि विकेट से स्पिनर को मदद मिल रही है। फिर, जब मैं बॉलिंग करने आया और अपना पहला ओवर किया तो मुझे वही फीलिंग आई। उसके बाद मेरा फोकस सिर्फ सही लाइन, लेंथ और पेस का इस्तेमाल करने पर था। गेंदबाजी में मैंने अपनी स्टॉक डिलिवरी पर भरोसा करना शुरू किया और बाद में मैंने वैरिएशंस पर ध्यान केंद्रित किया। यह मेरे लिए बहुत सुखद एहसास है। इस टेस्ट से मुझे यही सीख मिली है कि जितना संभव हो निरंतरता से एक जगह गेंद डालना है क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में धैर्य बहुत जरूरी है।''
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



