आकिब नबी भीख नहीं मांग रहा, BCCI को ऐसा नहीं करना चाहिए; पेसर के सपोर्ट में उतरे ईशांत शर्मा के कोच
आकिब नबी का अफगानिस्तान टेस्ट के लिए भारतीय स्क्वॉड में नहीं चुना गया। आकिब के सपोर्ट में ईशांत शर्मा के कोच श्रवण कुमार उतरे हैं। उन्होंने कहा कि आकिब किसी चीज की भीख नहीं मांग रहा है।

तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा के कोच श्रवण कुमार का मानना है कि तेज गेंदबाज आकिब नबी को 'बैक अप' भूमिका तक ही सीमित नहीं रखा जाना चाहिए बल्कि अगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होना चाहिए। टेस्ट मैच 6 जून से मुल्लांपुर में शुरू होने जा रहा है। नबी ने इस रणजी ट्रॉफी सत्र में 60 विकेट लिए और उनके इस प्रदर्शन ने जम्मू-कश्मीर को पहली बार इस घरेलू टूर्नामेंट का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
'बैक-अप के नाम पर नेट गेंदबाज बना रहे'
श्रवण कुमार ने बुधवार को पीटीआई से कहा, ''मैं आकिब की बात कर रहा हूं। अपनी टीम को रणजी चैंपियन बनाने और 60 विकेट लेने के बाद भी आकिब नबी को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए क्यों नहीं चुना जा रहा है? यह बैक-अप गेंदबाज वाली बात क्या है?'' उन्होंने कहा, ''आप उन्हें बैक-अप गेंदबाज के नाम पर नेट गेंदबाज बना रहे हैं। नबी को बैक-अप खिलाड़ी के नाम पर नेट गेंदबाज नहीं माना जाना चाहिए। यह देखना वाकई हैरान करने वाला है।''
ऐसे प्रदर्शन को मान्यता क्यों नहीं मिल रही?
ईशांत के बचपन के कोच कुमार ने कहा कि बीसीसीआई और राष्ट्रीय चयनकर्ता टेस्ट मैचों के लिए टीम चुनते समय रणजी ट्रॉफी में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मान्यता नहीं दे रहे। उन्होंने कहा, ''ऐसे प्रदर्शन को मान्यता क्यों नहीं मिल रही? मुझे लगा कि उसे टेस्ट मैच खेलना चाहिए था। उसे बैक-अप खिलाड़ी के तौर पर लेने का क्या मतलब है। यह तो बस एक टेस्ट मैच है।‘’ उन्होंने कहा, ''एक खिलाड़ी जिसने रणजी में 60 विकेट लिए हैं, वह टीम में नहीं है, लेकिन जिन दूसरे खिलाड़ियों ने बहुत कम विकेट लिए हैं, उन्हें टीम में रखा जा रहा है, यह सही नहीं है।'' कुमार ने कहा, ''रणजी ट्रॉफी खेलने का क्या मतलब है? बीसीसीआई को या तो रणजी ट्रॉफी खत्म कर देनी चाहिए या शानदार प्रदर्शन पर विचार करना चाहिए।''
'आकिब किसी चीज की भीख नहीं मांग रहा'
उन्होंने कहा, ''नबी ने सिर्फ 60 विकेट ही नहीं लिए हैं बल्कि जम्मू-कश्मीर की पहली रणजी ट्रॉफी जीत में भी अहम भूमिका निभाई है। उसे नेट गेंदबाज (बैक-अप गेंदबाज) के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। वह किसी चीज की भीख नहीं मांग रहा है। उसने अपना प्रदर्शन दिखाया है। 60 विकेट कोई मजाक नहीं है। '' बीसीसीआई ने आकिब नबी को अफगानिस्तान टेस्ट मैच के लिए भारत के नेट अभ्यास सत्र के लिए चुने गए छह गेंदबाजों में शामिल किया है। नबी को इस मैच के लिए टेस्ट टीम में नहीं चुने जाने पर चयन समिति को आलोचना का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम में उनके बजाय पंजाब के लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को प्राथमिकता दी गई।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



