
वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से निकला बवंडर, अर्धशतकीय पारी में जड़े 10 छक्के; 94 प्रतिशत रन बाउंड्री से बटोरे
Vaibhav Suryavanshi Fifty: वैभव सूर्यवंशी ने साउथ अफ्रीका अंडर-19 टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने कुल 24 गेंदों का सामना किया।
भारत और साउथ अफ्रीका की अंडर-19 टीम के बीच सोमवार को दूसरे वनडे मैच खेला जा रहा है। भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से बाउंड्री का बवंडर निकला। उन्होंने बेनोनी के विलोमूर पार्क में तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। सूर्यवंशी ने 24 गेंदों का सामना करने के बाद 68 रन बनाए। उन्होंने 10 छक्के ठोके जबकि एक चौका लगाया। 14 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी पारी में 94 प्रतिशत रन बाउंड्री के जरिए बटोरे।
246 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले ओवर में दो छक्के जमाए जबकि दूसरे और तीसरे ओवर में एक-एक सिक्स मारा। आरोन जॉर्ज ने तीसरे ओवर में चौकों की हैट्रिक लगाई। सूर्यवंशी ने पांचवें ओवर में दो और छटे ओवर में एक सिक्स उड़ाया। आरोन को सातवें ओवर में माइकल क्रुइसकैम्प ने पवेलियन भेजा। उन्होंने सूर्यवंशी के साथ 67 रनों की साझेदारी की। आरोन ने 19 गेंदों में 20 रन जुटाए।
आरोन के लौटने के बाद सूर्यवंशी के तेवर नरम नहीं पड़े। उन्होंने आठवें ओवर में लगातार तीन छक्के लगाए और फिर चौका जड़ा। उन्होंने 19 गेंदों में फिफ्टी कंप्लीट कर ली थी। सुर्यवंशी को शानदार लय में देखकर लग रहा था कि वह शतक मारने में कामयाब रहेंगे लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उनकी पारी का अंत नौवें ओवर की पहली गेंद पर हुआ। सूर्यवंशी को क्रुइसकैम्प ने डैनियल बोसमैन के हाथों कैच कराया। वह पहले यूथ वनडे में 11 रन ही बना सके थे।
दूसरे यूथ वनडे में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी थी। भारत ने साउथ अफ्रीका को 49.3 ओवर में 245 रनों पर समेटा। जेसन रोल्स ने सेंचुरी लगाई। उन्होंने 113 गेंदों में 7 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 114 रन जोड़े। बोसमैन ने 31, अदनान लागाडियन ने 25, अरमान मनैक ने 16, कप्तान मुहम्मद बुलबुलिया ने 14 रनों का योगदान दिया। भारत के लिए किशन कुमार सिंह ने चार और आरएस अंबरीश ने दो विकेट झटके।






