सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और शास्त्री को CAC में शामिल करो, सुनील गावस्कर ने BCCI को दिया खास सुझाव
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को सुनील गावस्कर ने नेक सलाह दी है। अपने एक कॉलम में लिखा है कि क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) की भूमिका को बढ़ाया जाना चाहिए और इसमें सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने और भी बड़े नाम गिनाए हैं।

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर हमेशा अपनी तर्कसंगत राय देने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) की भूमिका और कार्यक्षेत्र को बढ़ाने का आग्रह किया है। इस सलाह के पीछे उनका मकसद यह है कि घरेलू क्रिकेट में मौजूद कमियों को दूर किया जा सके। हाल ही में दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें ईस्ट जोन ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर खिताब अपने नाम किया था। सुनील गावस्कर को अब यह नियम रास नहीं आ रहा है। उन्होंने इस पर सुधार की गुंजाइश जताई थी।
घरेलू क्रिकेट में मौजूद तमाम अनियमितताओं को दूर करने के लिए गावस्कर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को बड़े खिलाड़ियों के अनुभव का सही उपयोग करने का सुझाव दिया है। सुनील गावस्कर का मानना है कि सीएसी के लिए अपनी बात रखने का समय आ गया है। इस दिग्गज बल्लेबाज ने सचिन तेंदुलकर , राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट में मौजूद रहकर खामियों को सुधारने की इच्छा जाहिर की है। 2022 में सीएसी में अशोक मल्होत्रा, जतिन परांजपे और सुलक्षणा नाइक की नियुक्ति हुई थी। हालांकि, यह समिति अभी भी मौजूद है या भंग कर दी गई है, इसका कोई स्पष्ट जवाब फिलहाल उपलब्ध नहीं है। समिति का प्रमुख काम हमेशा से मुख्य कोच या चयनकर्ताओं की नियुक्ति करना रहा है।
गावस्कर ने अपने कॉलम में लिखीं ये बातें
गावस्कर ने मिड-डे के लिए अपने कॉलम में लिखा "चयन समितियों और सीएसी के अलावा बीसीसीआई में आज कोई समिति नहीं है। शायद अब समय आ गया है कि सीएसी का दायरा बढ़ाया जाए और चयनकर्ताओं और कोचों के चयन के साथ-साथ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के शेड्यूल और भारतीय क्रिकेट से संबंधित सभी चीजों पर भी ध्यान दिया जाए। कुछ बेहद अनुभवी पूर्व क्रिकेटर हैं जिनकी विशेषज्ञता का उपयोग इस समिति में किया जा सकता है।" उन्होंने आगे लिखा, "सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, रवि शास्त्री, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग जैसे नामों के बारे में क्या ख्याल है? अध्यक्ष और सचिव भी वहां मौजूद रहेंगे।"
1985 में भारत को चैंपियनशिप जिताने वाले गावस्कर ने कहा कि जब द्रविड़ और तेंदुलकर जैसे खिलाड़ी मुख्य कोच और एनसीए के प्रमुख से बातचीत करेंगे, तो उसका महत्व और भी बढ़ जाएगा। उन्होंने बीसीसीआई से महिला क्रिकेट के लिए भी इसी तरह की समिति गठित करने का आग्रह किया। गावस्कर ने लिखा- "जब यह समिति कोच, कप्तान और एनसीए के प्रमुख से बातचीत करती है, तो इसका प्रभाव अतुलनीय होता है। महिला क्रिकेट के लिए भी ऐसी ही एक समिति होनी चाहिए, जहां अनुभव और विशेषज्ञता मिलकर भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए निर्णय लें।" उन्होंने अपनी बात समाप्त करते हुए अंत में लिखा- "इसके बारे में सोचते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। क्या यह कभी सच होगा, या यह सिर्फ एक सपना है?"


