Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़In the ICC ODI rankings, Daryl Mitchell has dethroned Virat Kohli reaching the top spot for the second time
आईसीसी वनडे रैंकिंग में डेरिल मिचेल ने छीना विराट कोहली का  सिंहासन, रोहित शर्मा चौथे पर खिसके

आईसीसी वनडे रैंकिंग में डेरिल मिचेल ने छीना विराट कोहली का सिंहासन, रोहित शर्मा चौथे पर खिसके

संक्षेप:

न्यूजीलैंड के आक्रामक बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने हाल में संपन्न श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली को ताजा आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग में शीर्ष स्थान से हटा दिया है।

Jan 21, 2026 03:36 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

न्यूजीलैंड के आक्रामक बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने हाल में संपन्न श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली को ताजा आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग में शीर्ष स्थान से हटा दिया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ यह श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की थी। इस तरह उसने भारतीय सरजमीं पर पहली बार वनडे श्रृंखला जीतकर 37 साल का इंतजार खत्म किया था।

मिचेल ने इस श्रृंखला में दो शतक लगाए और 34 वर्षीय यह बल्लेबाज मात्र 54 वीं पारी में सबसे तेज नौ वनडे शतक पूरे करने वाले चौथे पुरुष खिलाड़ी बन गए। केवल इमाम-उल-हक (48), हाशिम अमला (52) और क्विंटन डिकॉक (53) ही उनसे आगे हैं।

एआई से तैयार इन्फोग्राफिक

हैमिल्टन में जन्मे मिचेल अपने करियर की शीर्ष फॉर्म में हैं। उन्होंने तीन मैच की श्रृंखला में कुल 352 रन बनाए। किसी तीन मैच की वनडे श्रृंखला में यह न्यूजीलैंड के खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन हैं और कुल मिलाकर यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनसे आगे केवल पाकिस्तान के बाबर आजम (2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 360 रन) और भारत के शुभमन गिल (2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 360 रन) हैं।

ये भी पढ़ें:साल भर खेलो, हर टूर्नामेंट खेलो लेकिन कोहली नहीं बना पाओगे; आलोचकों पर बरसे कैफ

आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘845 रैंकिंग अंक के साथ मिचेल ने कोहली (795 अंक) की जगह ली है जो अब दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। दोनों बल्लेबाजों के बाद इब्राहिम जदरान, रोहित शर्मा , शुभमन गिल और बाबर आजम मौजूद हैं।’

यह दूसरी बार है जब मिचेल ने वनडे क्रिकेट में शीर्ष रैंकिंग हासिल की है। इससे पहले वह पिछले साल नवंबर में सिर्फ तीन दिन के लिए शीर्ष पर रहे थे जिसके बाद रोहित शर्मा ने उन्हें पछाड़ दिया था।

AI से बना ग्राफिक

भारत के खिलाफ उसकी सरजमीं पर खेले गए वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (पांच शतक) के बाद मिचेल (चार शतक) दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं।

ये भी पढ़ें:कहना आसान होता है मिस्टर एक्सपर्ट ऑफ क्रिकेट; कोहली के भाई का मांजरेकर पर तंज

मिचेल वनडे में 54 पारियों में अब तक एक भी बार शून्य पर आउट नहीं हुए हैं जिससे वह इस उपलब्धि की सर्वकालिक सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे केवल केपलर वेसल्स हैं जो 1983 से 1994 के बीच 105 वनडे पारियों में कभी भी शून्य पर आउट नहीं हुए।

डेरिल मिचेल के पिता मशहूर रग्बी कोच जॉन मिचेल वर्तमान में इंग्लैंड की विश्व कप विजेता महिला टीम के मुख्य कोच हैं।

मिचेल और कोहली के बाद अफगानिस्तान के इब्राहिम जदरान (764 अंक) तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं जिन्होंने भारत के रोहित शर्मा (757 अंक) को चौथे स्थान पर पहुंचा दिया।

ग्लेन फिलिप्स और मिचेल ने इंदौर में श्रृंखला के निर्णायक मैच में 219 रन की साझेदारी की जो न्यूजीलैंड के वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। फिलिप्स ने 88 गेंद पर 106 रन बनाए जिससे वह बल्लेबाजी रैंकिंग में 16 पायदान चढ़कर 20 वें स्थान पर पहुंच गए।

AI से बनाई हुई

फिलिप्स ऑल राउंडरों की वनडे सूची में भी 14 स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 31 वें स्थान पर पहुंच गए हैं जहां अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई शीर्ष पर बने हुए हैं।

न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल को वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में सबसे ज्यादा फायदा हुआ। भारत के खिलाफ श्रृंखला के पहले दो मैच में अच्छे प्रदर्शन के बाद वह छह स्थान की छलांग लगाकर 33 वें स्थान पर पहुंच गए।

गेंदबाजी रैंकिंग के शीर्ष स्थान पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। अफगानिस्तान के स्टार राशिद खान (710 अंक) पहले स्थान पर बने हुए हैं और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (670 अंक) उनसे पीछे दूसरे स्थान पर हैं।

राशिद खान ने दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला के पहले मैच में दो विकेट लेने के बाद टी 20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में भी दो स्थान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया है।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |